फ्लाई दुबई की फ्लाइट से टकराया पक्षी, लखनऊ एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा

लखनऊ एयरपोर्ट
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को एक बड़ा विमान हादसा होने से टल गया। दुबई से आ रही फ्लाई दुबई की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट एफजेड-443 (FZ-443) लैंडिंग से ठीक पहले बर्ड हिट का शिकार हो गई। विमान में 163 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। पक्षी के टकराने के बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसकी सूचना दी, जिसके बाद फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

जानकारी के अनुसार फ्लाई दुबई की उड़ान एफजेड-443 शनिवार तड़के दुबई से रवाना हुई थी और निर्धारित समय के अनुसार सुबह लगभग 6:35 बजे लखनऊ पहुंचने वाली थी। विमान जब चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास पहुंचा और लैंडिंग की तैयारी कर रहा था, तभी अचानक एक पक्षी विमान से टकरा गया। घटना के बाद कॉकपिट में मौजूद पायलट ने तुरंत विमान की स्थिति का आकलन किया और एहतियात के तौर पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को पूरी जानकारी देते हुए सुरक्षित लैंडिंग की अनुमति मांगी।

बर्ड हिट की सूचना मिलने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने फ्लाइट को प्राथमिकता देते हुए रनवे खाली कराया गया और एयरपोर्ट की आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया।  सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को सुबह करीब 7:13 बजे सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार लिया गया। विमान के रनवे पर उतरने के बाद उसे सावधानी पूर्वक पार्किंग बे तक ले जाया गया। इसके बाद सभी 163 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

यह भी पढ़ें- हवा में आठ घंटे अटकी रहीं 230 यात्रियों की सांसें, खराबी के बाद दिल्‍ली एयरपोर्ट पर हुई फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

इमरजेंसी लैंडिंग के बाद पार्किंग बे में इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने विमान के इंजन, विंग, नोज सेक्शन, लैंडिंग गियर और अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों की विस्तृत जांच शुरू की। बर्ड हिट के बाद किसी भी विमान को बिना तकनीकी परीक्षण के दोबारा उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जाती। यही कारण रहा कि फ्लाई दुबई का यह विमान करीब छह घंटे तक एयरपोर्ट पर खड़ा रहा। विशेषज्ञ यह सुनिश्चित करने में जुटे रहे कि पक्षी के टकराने से विमान के किसी हिस्से में ऐसी क्षति तो नहीं हुई, जिससे आगे उड़ान के दौरान खतरा उत्पन्न हो सकता हो।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के तीन विमानों की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, खराब मौसम के बाद की गई डायवर्ट