राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर रविदास मेहरोत्रा ने की योगी आदित्‍यनाथ से इस्‍तीफे और मामले की न्यायिक जांच की मांग

रविदास मेहरोत्रा
मीडिया से बात करते रविदास मेहरोत्रा।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने भाजपा सरकार और सीएम योगी आदित्‍यनाथ पर तीखा हमला बोला है। सपा विधायक ने मुख्यमंत्री से तुरंत इस्तीफे की मांग करते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने की पैरवी की है।

भाजपा सरकार को आज घेरते हुए रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि राम मंदिर में जो चोरी हुई है, उस पर मुख्यमंत्री सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट के किसी मौजूदा न्यायाधीश से जांच क्यों नहीं करा रहे हैं? इस संवेदनशील और पवित्र स्थान पर हुई चोरी के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री को अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्हें एक दिन भी सत्ता में नहीं रहना चाहिए। सपा विधायक ने दावा किया कि इस घटना के बाद से प्रदेश की जनता में राज्य सरकार के खिलाफ जबरदस्त जन आक्रोश व्याप्त है। लोग मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बोले अखिलेश, भाजपाइयों के घपलों से अयोध्यावासियों को सहना पड़ रहा दुःख, डरा हुआ है चोरों का गिरोह

हमला जारी रखते हुए सपा नेता ने कहा कि मंदिर जैसी सुरक्षित और आस्था से जुड़ी जगह पर ऐसी घटना होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है, जिससे आम जनता बेहद आहत है।

नाकामियां छिपाने के लिए योगी आदित्‍यनाथ बोल रहे झूठ

रविदास मेहरोत्रा ने योगी आदित्‍यनाथ के मंदिर-मस्जिद वाले बयान पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री पर जनता को गुमराह करने का आरोप भी लगाया। उन्‍होंने कहा कि जब चोरी की पोल पूरी तरह से खुल चुकी है, तो अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ लगातार झूठे बयान दे रहे हैं। सरकार असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही और विपक्ष पर झूठे आरोप मढ़ने का काम कर रही है।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावे से कागभुसुंडि गायब होने पर बोले अखिलेश, FIR के बगैर SIT बिना तीर की कमान