69 हजार शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने किया मंत्री आवास का घेराव, गाड़ी में भरकर इको गार्डन ले गई पुलिस

शिक्षक भर्ती
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को बस में भरकर ले जाती पुलिस।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। नियुक्ति की मांग को लेकर 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को एक बार फिर राजधानी में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के सरकारी आवास पहुंचकर घेराव किया। जहां पुलिस ने अभ्‍यर्थियों को रोका, जिससे गुस्‍साए अभ्‍ययर्थियों की बीच धक्का-मुक्की हुई। करीब 30 मिनट चली नोकझोक के बाद पुलिस ने बलपूर्वक अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर बसों में भरकर इको गार्डन भेज दिया।

प्रदर्शन के दौरान एक अभ्यर्थी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा, जबकि अपने छोटे बच्चे के साथ प्रदर्शन में पहुंची। इस दौरान अभ्यर्थियों ने “योगी बाबा न्याय करो” के नारे लगाते हुए नियुक्ति की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे प्रदेश के विभिन्न जिलों से लखनऊ पहुंचे हैं। उनका आरोप है कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में 8,270 सीटों का उल्लेख किया है, जिनमें 4,946 ऐसे अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं, जो पहले ही तीन बार भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो चुके हैं।

यह भी पढ़ें- बेसिक शिक्षा मंत्री से मिले 69 हजार शिक्षक भर्ती के दलित-OBC अभ्यर्थी, की वकील के समय से सुप्रीम कोर्ट में पेश होने की मांग

साथ ही अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी मांग पिछड़ा वर्ग के 6,800 अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की है, लेकिन सरकार की वर्तमान प्रक्रिया के तहत केवल करीब 3,300 अभ्यर्थियों को ही नियुक्ति मिलने की संभावना है। इस दौरान अभ्‍यर्थियों ने सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। पुलिस अफसरों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को हटाकर हिरासत में लिया गया है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- 69000 शिक्षक अभ्यर्थियों ने SCERT का किय घेराव, योगी सरकार से की SC में प्रभावी पैरवी की मांग