आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संस्थापक और नगीना से सांसद चंद्रशेखर ने ऐलान किया कि शनिवार को राजधानी लखनऊ में धरना देंगे। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपने का आह्वान किया है। चंद्रशेखर ने लाइव आकर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी और इस आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
चंद्रशेखर ने शुक्रवार को सुबह इंस्टाग्राम लाइव पर आकर कहा कि हमने घोषणा की थी कि 25 जुलाई को पूरे देश में जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस कड़ी में मैं खुद लखनऊ के प्रदर्शन में शामिल होऊंगा और जिला प्रशासन को ज्ञापन दूंगा। बाकी सब लोग अपने जिलों में इस आंदोलन को मजबूती से समर्थन करें, हर कोई लखनऊ आने की कोशिश न करे।
यह भी पढ़ें- चंद्रशेखर आजाद को मिला संजय सिंह का समर्थन, धरनास्थल पर मिलने पहुंचे AAP सांसद
नगीना सांसद ने कहा कि जब तक सरकार बच्चों की सारी मांगे मानेगी उनका आंदोलन चलता रहेगा। उन्होंने सरकार को 15 दिन का समय देते हुए कहा कि अगर उनकी मांगे नहीं मानी गई तो वो जगह-जगह मार्च होंगे और जेल भरो आंदोलन भी देखने को मिलेगा। इससे भी सरकार नहीं मानी तो भारत बंद जैसे बड़े आंदोलन देखने को मिलेंगे, लेकिन युवाओं के भविष्य को बर्बाद नहीं होने देंगे।
बता दें कि नीट परीक्षा को लेकर शुरू हुए आंदोलन को लेकर अब सियासत तेज हो चुकी है। कांग्रेस-समाजवादी पार्टी समेत तमाम सियासी दल इस मुद्दे को लेकर सरकार को चौतरफा घेराव कर रहे हैं। विपक्ष धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम पर मानने को तैयार नहीं हैं। वहीं सोनम वांगचुक के अनशन तोड़ने के बाद भी सीजेपी ने आंदोलन जारी रहने का ऐलान किया है।


















