आरयू ब्यूरो, लखनऊ। योगी सरकार ने मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 13 वरिष्ठ आइएएस अफसरों का तबादला कर दिया। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत चार मंडलों के कमिश्नर व विभागीय सचिव, निगमों के प्रबंध निदेशक और विकास प्राधिकरणों के अफसरों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी तबादलों के तहत अनिल ढींगरा को उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद का आवास आयुक्त बनाया गया है। साथ ही निदेशक, नगर भूमि सीमारोपण तथा सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इंद्र विक्रम सिंह को गोरखपुर मंडल का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि वैभव श्रीवास्तव को बस्ती और डॉ. लोकेश एम. को प्रयागराज मंडल का नया कमिश्नर बनाया गया है।
वहीं शुभम कुमार को बरेली मंडल का कमिश्नर बनाया गया है। जबकि सरकार ने प्रकाश बिंदु को पीसीडीएफ का प्रबंध निदेशक, सौम्या अग्रवाल को श्रमायुक्त, संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक और डॉ. बलकार सिंह को यूपी राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अफसर के पद पर भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- 15 सीनियर IPS अफसरों का तबादला, तरुण गाबा बने कमिश्नर लखनऊ
साथ ही भूपेंद्र एस. चौधरी को सचिव, प्रशासनिक सुधार विभाग, पुष्प राज सिंह को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा सतीश पाल को गृह विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं रविन्द्र को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

















