अखिलेश ने कहा, “बीजेपी-संघी स्वतंत्रता दिवस की तैयारी नहीं, मना रहे थे विभाजन विभीषिका”

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भाजपा और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा और आजादी एक-दूसरे के विलोम हैं। बीजेपी का राष्ट्रवाद एकरंगी है, जबकि हमारा और आपका राष्ट्रवाद बहुरंगी है। अखिलेश ने कहा कि हमें भाईचारा मजबूत करना है और संविधान की रक्षा करनी है।

अखिलेश यादव ने यूपी के सीएम योगी आदित्‍यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा और आजादी एक-दूसरे के विलोम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और उसके संघी साथी स्वतंत्रता दिवस की तैयारी नहीं कर रहे थे, बल्कि विभाजन विभीषिका दिवस मना रहे थे। ‘इनके लिए विभाजन ही उत्सव है। इन्होंने आजादी की लड़ाई में योगदान दिया हो या न दिया हो, लेकिन विभाजन में योगदान दिया है। भाजपा और संघी साथियों का लक्ष्य विभाजन था, यही उनकी उपलब्धि है।’ साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर तंज कसते हुए कहा कि लाल किले से झूठ नहीं बोलना चाहिए, वो झूठ बोलने का स्थान नहीं है।

2027 के चुनाव में लागू कर दो महिला विधेयक

साथ ही सपा अध्यक्ष ने अपने बयान में आज यह भी कहा कि कौन नहीं जानता है कि महिला विधेयक पास हो चुका है, हर व्यक्ति जानता है, हर पॉलिटिकल पार्टी जानती है। हम तो कहते हैं कि अगर आपको महिला विधेयक लागू ही करना है जो कानून बन गया है वो 2027 के चुनाव में लागू कर दो, हम लोग तैयार हैं। वहीं अखिलेश ने देश की सीमाओं और संसद में विपक्षी नेताओं के साथ व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए।

यह भी पढ़ें अखिलेश का CM योगी पर तंज, अब पौधारोपण का कर दिया एनकाउंटर अभियान को बताया चुनावी फंड वाला भ्रष्टारोपण

नई पीढ़ी के लोगों ने कर दिखाया…

हमला जारी रखते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि विभाजन आजादी से पहले भी था और आजादी के बाद भी जारी रहा। अखिलेश ने आरएसएस और भाजपा की भूमिका पर संदेह जताते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी तिरंगे का सम्मान नहीं किया, वे आज तिरंगा लेकर घूम रहे हैं। ऐसे लोगों से बहुत सावधान रहने की जरूरत है। इस दौरान युवाओं के आंदोलनों का जिक्र करते हुए सपा मुखिया ने  कहा कि जो काम बहुत लोग नहीं कर पाए, वह नई पीढ़ी के लोगों ने कर दिखाया। जिस सरकार के झुकने की उम्मीद नहीं थी, उसे भी नौजवानों ने झुका दिया।

भगवान के चढ़ावे की हुई चोरी

अखिलेश ने सपा कार्यकर्ताओं से एक-दूसरे का सम्मान करने की अपील की। साथ ही कहा कि अगर सभी लोग पहले ‘आप’ की बात करेंगे तो सभी को स्थान मिलेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए और सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रखेगी। जबकि अयोध्या राम मंदिर से जुड़े चंदे और चढ़ावे के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अगर भगवान के चढ़ावे की चोरी हुई है और इसमें भाजपा के लोग शामिल हैं तो यह महापाप है। उन्होंने कहा, ‘जो भगवान के चढ़ावे की चोरी कर सकते हैं, वो सड़क के काम, दवाई और पुलिस के काम में चोरी क्यों नहीं कर सकते?’

सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने यूपी सरकार के विकास के दावों पर भी सवाल उठाए। सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार प्रति व्यक्ति आय बढ़ने की बात कर रही है, लेकिन जमीनी सच्चाई अलग है। उन्होंने किसानों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि सबसे ज्यादा चिंता आज किसानों के सामने है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार प्रति व्यक्ति आय बढ़ने का दावा कर रही है, वहीं बड़ी संख्या में लोगों को राशन देना पड़ रहा है। अखिलेश ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सफाई व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला बोला।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का तंज, ‘भाजपा के सत्‍ता से हटने पर ही दूर होंगे यूपी के सारे संकट