शहीद पथ पर अनियंत्रित वाहनों की चपेट में आई DIG हेमराज मीणा की कार, टला बड़ा हादसा

शहीद पथ
घटना में क्षतिग्रस्त कार।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। ​उत्तर प्रदेश की राजधानी के शहीद पथ पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। हुसड़िया चौराहे के पास वरिष्ठ आइपीएस अफसर और डीआइजी हेमराज मीणा की सरकारी कार अचानक अनियंत्रित वाहनों की चपेट में आ गई। जिससे आगे और पीछे चल रहे वाहनों के जोरदार टक्कर मारने से सरकारी गाड़ी का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात ये रही कि इस भीषण टक्कर के बावजूद कार में सवार डीआइजी हेमराज मीणा को किसी प्रकार की चोट नहीं आई।

​मिली जानकारी के अनुसार डीआइजी हेमराज मीणा अपनी सरकारी गाड़ी से शहीद पथ से गुजर रहे थे। जैसे ही उनका वाहन हुसड़िया चौराहे के निकट पहुंचा, अचानक ट्रैफिक के भारी दबाव और वाहनों के अनियंत्रित होने के कारण उनकी कार को आगे और पीछे दोनों तरफ से जोरदार टक्कर लग गई। भिड़ंत इतनी भयानक थी कि सरकारी गाड़ी का पिछला हिस्सा अंदर की ओर पूरी तरह पिचक गया। जोरदार आवाज सुनकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत रही कि गाड़ी के भीतर बैठे अधिकारी सुरक्षित रहे।

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गोमतीनगर थाने की पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क के बीच से हटवाया, जिससे शहीद पथ पर भीषण ट्रैफिक जाम लगने से बच गया और आवागमन को सुचारू कराया गया। इसके बाद डीआईजी की क्षतिग्रस्त सरकारी कार को सुरक्षित रूप से गोमतीनगर थाने भिजवा दिया गया।

यह भी पढ़ें- मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो-कार व ट्राले से टकराईं ट्रक, 11 की मौत

​इस वीवीआइपी हादसे के बाद स्थानीय पुलिस दुर्घटना के कारणों की तह तक जाने के लिए छानबीन में जुट गई है। पुलिस शहीद पथ और हुसड़िया चौराहे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि टक्कर किस वजह से हुई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आगे चल रहे किसी वाहन द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने या तेज रफ्तार के कारण ये दुर्घटना घटी।

यह भी पढ़ें- शहीद-पथ पर डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार सफारी, ड्राइवर समेत तीन घायल