आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ की पॉश कॉलोनी में शुमार गोमतीनगर आज दिनदहाड़े गोली मारकर दो युवतियों के मर्डर व युवक की आत्महत्या से सहम उठी। घरेलू कलह के चलते पत्नी से अलग रह रहे युवक ने दोपहर में गोमतीनगर कोतवाली से कुछ दूरी पर विवेक खंड स्थित आइसीआइसीआइ के बाहर ही दिनदहाड़े बैंक की डिप्टी मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद हुसडि़या चौराहे पर स्थित अपने घर पहुंचे युवक ने मानसिक रूप से कमजोर अपनी बहन को भी गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया, पत्नी व छोटी बहन की बेरहमी से हत्या करने के बाद युवक ने खुद को भी गोली मारकर जान दे दी।
करीब आधे घंटे में दो जगाहों पर गोली मारकर हत्या और सुसाइड की सूचना लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना के कुछ ही देर बाद मौके पर पहुंचे पुलिस कमिशनर लखनऊ तरुण गाबा व जेसीपी बब्लू कुमार समेत पुलिस के तमाम बड़े अधिकारियों ने छानबीन शुरू करते हुए तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
शुरूआती जांच में पुलिस को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ऑडिट विभाग में कार्यरत मानस बाजपेयी के घर से तीन असलहे मिले हैं। पुलिस घटना के कारणों की गहराई से जांच करने के साथ ही यह भी पता लगा रही है बैंककर्मी युवक के पास दो पिस्टल समेत तीन असलहा कहां से आया। पुलिस इसके लिए युवक की कॉल डिटेल भी निकलवा रही है।
वहीं पत्नी की निर्ममता से हत्या के बाद व बहन की हत्या से पहले युवक ने अपने व्हाट्सएप पर एक स्टेटस लगाया था। जिसमें पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाने के साथ ही अपनी बहन की हत्या करने व खुद की जान देने का भी जिक्र था।
घटना के बाद युवती की बहन व लखनऊ की मशहूर पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा ने युवक को सनकी बताते हुए गंभीर आरोप लगाया है। प्रज्ञा ने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में घटना के बारे में बताया कि उनकी बहन दिव्या मिश्रा गोमतीनगर आईसीआईसीआई बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर थी, वो पति की साइको हरकतों और बहन की पागलपन की बीमारी की वजह से अलग रह रही थी।
रोज की तरह बैंक पहुंची दिव्या, लेकिन…
प्रज्ञा ने कहा कि हर दिन की तरह दिव्या आज भी सुबह नौ बजे दफ़्तर पहुंची थी। जहां कामकाज निपटाने के बाद वो चेक कलेक्ट करने के लिए अपने कलीग के साथ बाहर फील्ड में गई थीं। इस दरमियान उसका साइको पति दो रिवॉल्वर के साथ ऑटो से रेकी करने लगा। जब दिव्या बैंक पहुंची तो बैंक के गेट पर उसके पति ने पहले पहली रिवॉल्वर से गोली चलायी, फिर रिवॉल्वर की बट से चेहरे सिर पर कई वार किये। यह देख पास के सब लोग जान बचाकर भाग गए..फिर दूसरा रिवॉल्वर निकाला उससे फायर किया..माथे पर उसके बहुत बड़े-बड़े होल हैं।
यह भी पढ़ें- पत्नी व तीन बच्चों की गोलीमार हत्या कर पति फरार, घटना से इलाके में दहशत
साथ ही अपनी बहन को याद करते हुए प्रज्ञा ने अपनी पोस्ट में कहा कि दिव्या तुम अब नहीं हो ये यकीन कर पाना मुश्किल है। तुम मम्मी का बेटा थीं, मम्मी का बार-बार फोन आ रहा, मेरी हिम्मत नहीं है कि मैं उनको कह सकूं की तुम अब नहीं रहीं, दिव्या काश के तुम इतनी सीधी नहीं होतीं, काश के हम आज पूर्णागिरि घूमने चले गए होते। प्रज्ञा की यह पोस्ट बहुत कुछ बयान कर रही थीं।
पुलिस कमिश्नर ने बताया…
वहीं लखनऊ के पुलिस तरुण गाबा के अनुसार मानस और दिव्या के बीच करीब पांच सालों से विवाद चल रहा था। उनका मामला तलाक के लिए लगभग सालभर पहले कोर्ट तक पहुंच चुका था। मानस ने अचानक ऐसा कदम क्यों उठाया, इसके बारे में पता लगाया जा रहा। परिजनों से पूछताछ की गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नौ साल पहले हुई थीं लव मैरिज
हुसड़िया चौराहा निवासी मानस ने दिव्या से वर्ष 2017 में प्रेम विवाह किया था। शुरू में दोनों हुसड़िया स्थित आवास में साथ रहते थे। दोनों से कोई संतान नहीं थीं। मानस के माता-पिता की भी गंभीर बीमारियों के चलते मौत हो चुकी है। परिवार में छोटी बहन तुलिका थीं, जिसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थीं। तुलिका का इलाज भी चल रहा था। मानस ही उसकी देखरेख करता था। हालांकि हत्या के बाद पुलिस घर पहुंची तो उसे भाई-बहन की लाशों के अलावा चारों ओर गंदगी ही नजर आयी। एक पुलिस अफसर के अनुसार हालात देखकर लग रहा था कि घर में काफी दिनों से दिक्कत चल रही थीं।




















