लखनऊ-बेंगलुरु इंडिगो फ्लाइट में मिली बम की धमकी, यात्रियों में मचा हड़कंप

बम की धमकी
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी लखनऊ से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E231 में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। बुधवार को बेंगलुरु के केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग से ठीक पहले विमान में बम होने की सूचना सामने आई। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। पायलट और क्रू ने स्थिति संभालते हुए यात्रियों को शांत कराया।

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट 6E231 लखनऊ से बेंगलुरु के लिए रवाना हुई थी। विमान जब बेंगलुरु एयरपोर्ट पर अंतिम अप्रोच में था, तभी क्रू को विमान में बम होने की सूचना मिली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट और केबिन क्रू ने नागरिक उड्डयन सुरक्षा से जुड़े निर्धारित एसओपी को सक्रिय किया और विमान ने बिना किसी परेशानी के बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद एटीसी और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया और विमान को सामान्य पार्किंग की जगह आइसोलेशन बे में ले जाया गया।

यह भी पढ़ें- 230 यात्रियों को ले जा रही इंडिगो फ्लाइट को मिली टिश्यू पेपर के जरिये बम की धमकी, लखनऊ एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग

विमान के सुरक्षित उतरने के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकालकर टर्मिनल क्षेत्र में पहुंचाया गया। इसके बाद सीआइएसएफ, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड समेत संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की तलाशी शुरू की। केबिन, कॉकपिट, वॉशरूम, लगेज होल्ड और कार्गो एरिया समेत विमान के अलग-अलग हिस्सों की जांच की गई।

यात्रियों के सामान की भी दोबारा स्क्रीनिंग की गई, ताकि किसी संदिग्ध वस्तु की मौजूदगी की पूरी तरह जांच की जा सके। शुरुआती जांच में ये आशंका जताई जा रही है कि ये पत्र विमान के ही किसी यात्री द्वारा लिखा गया हो सकता है।

यह भी पढ़ें- राजधानी जा रही फ्लाइट में बम की सूचना से हड़कंप, लखनऊ में हुई इमरजेंसी लैंडिंग