लखनऊ पहुंचे जयंत चौधरी ने साधा अखिलेश यादव पर निशाना, “PDA नहीं, यह है उनकी पीड़ा”

लखनऊ में जयंत चौधरी
आइजीपी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते जयंत चौधरी। (फोटो- आरयू)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ पहुंचे रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नाम लिए बिना ही सपा मुखिया पर हमला बोला है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में रविवार को आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में जयंत ने कहा कि अब बात बर्दाश्त के बाहर चली गई है। बात अहंकार, भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी की है। हमें राजनीति सिखाने का दावा करने वालों को चौधरी चरण सिंह का समाज माफ नहीं करेगा।

वहीं सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई पीडीए नहीं है, ये उनकी पीड़ा है। बौखलाहट है, जिसका जवाब जनता चुनाव में दे देगी। साथ ही कहा कि कई लोगों को चौधरी चरण सिंह ने राजनीति में आगे बढ़ाया। वो समय के साथ भूल गए, लेकिन चुनाव सामने आया तो चौधरी साहब फिर याद आ गए। इस बहाने ब्राहृाण और सवर्ण समीकरण भी साधने का प्रयास किया गया।

रालोद जातिवाद की धुर विरोधी

इस दौरान जयंत ने सपा समेत अन्य विरोधी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि चौधरी साहब की तस्वीर लगाने से कुछ नहीं होना, उनके विचारों को अपनाना होगा। कहा कि रालोद जातिवाद की धुर विरोधी है। चौधरी चरण सिंह को महान अर्थशास्त्री और चौधरी अजीत सिंह को बेहद पढ़ा लिखा व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि दोनों नेता सर्वसमाज को लेकर चले। आने वाली पीढ़ी को इनसे सीखना चाहिए।

यूपी को कहा जाता था ‘उल्टा पुल्टा प्रदेश’ 

वहीं योगी सरकार की तारीफ करते आरएलडी मुखिया ने कहा कि तमिलनाडु के बाद यूपी ही ऐसा राज्य है जहां डिफेंस कारिडोर बन रहा। 30 हजार करोड़ का निवेश हो चुका है। इतना ही निवेश और किया जाएगा। बड़ी संख्या में रोजगार पैदा होगा। पहले इसी यूपी को ‘उल्टा पुल्टा प्रदेश’ कहा जाता था। जबकि सपाइयों पर तंज कसते हुए कहा कि सामने वाला ट्विटर-ट्विटर खेल रहा है। पहले तो इन लोगों ने छात्रों से कहा खूब चीटिंग करो। अब कहते हैं बंद स्कूल चालू करो।आगे कहा कि यूपी में स्कूलों को लेकर योगी सरकार ने कायाकल्प माडल दिया, जिसे अन्य राज्य अपना रहे हैं।

विभिन्न वर्गों से निरंतर स्थापित करें संवाद 

कार्यकर्ताओं से कहा कि वो जमीनी स्तर पर समाज के विभिन्न वर्गों से निरंतर संवाद स्थापित करें। चौधरी ने कहा कि रालोद का मजबूत राजनीतिक आधार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में है, लेकिन अब पार्टी अवध और पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ेगी। आगे कहा कि लखनऊ प्रदेश की राजधानी होने के साथ अवध और पूर्वांचल के साथ व्यापक राजनीतिक एवं सामाजिक संवाद का महत्वपूर्ण केंद्र है।

यह भी पढ़ें- जयंत चौधरी को चवन्‍नी वाले बयान से जोड़ने से नाराज RLD कार्यकर्ताओं ने फूंका अखिलेश यादव का पुतला

इससे पहले कार्यक्रम में जयंत चौधरी का स्वागत पूर्व एमएलसी प्रत्याशी बीके शुक्ला ने चांदी का मुकुट पहनाकर किया। जयंत चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल की संगठनात्मक प्राथमिकताओं, कार्यकर्ताओं की भूमिका एवं वैचारिक पार दर्शिता पर विशेष नजर है।

यह भी पढ़ें- जयंत चौधरी ने UP के गुर्जर नेताओं के साथ की बैठक, अखिलेश के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया