आरयू वेब टीम। राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को महंगाई के मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में महंगाई गंभीर समस्या बन चुकी है और इसका सबसे ज्यादा असर गरीब एवं मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्टकर कहा कि डबल इंजन की सरकार ने खाद्य पदार्थों, पेट्रोल-डीजल, खाद-बीज, बिजली और गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ाकर किसानों और आम लोगों को परेशान कर दिया है। तेजस्वी ने कहा कि महंगाई को डायन बताने वाले आज उसे महारानी समझकर उससे चिपके बैठे हैं।
भाजपा सरकार पर हमला जारी रखते हुए आरजेडी नेता ने कहा कि सरकार में बैठे लोग महंगाई रूपी समस्या को दूर करने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। डबल इंजन सरकार की पूंजीपरस्त नीतियों ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। खाद्य पदार्थों और खाद्य तेल की कीमतें पहले ही आसमान छू रही थीं, अब खाना खरीदने के साथ-साथ उसे पकाना भी महंगा हो गया है।
वहीं उज्ज्वला योजना को लेकर भी तेजस्वी यादव ने मीदी सरकार से सवाल किया कि केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना का खूब प्रचार-प्रसार और महिमामंडन किया, लेकिन क्या आज सरकार में हिम्मत है कि वह गांव-गांव जाकर इस योजना की समीक्षा करे और देश को इसकी वास्तविकता बताए? उन्होंने दावा किया कि आज गरीबों के घरों में खाली पड़े गैस सिलेंडर सरकार की योजनाओं की हकीकत बयां कर रहे हैं।
इस दौरान तेजस्वी यादव ने भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि 2014 में 384 रुपए के रसोई गैस सिलेंडर को लेकर प्रदर्शन करने वाले बीजेपी नेता आज सिलेंडर की कीमत करीब 1,100 रुपए होने के बावजूद सत्ता में बैठे हैं। महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्ग की जेब पर लगातार बोझ बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें- तेजस्वी यादव ने कहा, बिहार का खजाना हुआ खाली पर घोटालेबाजों की भरी जेबें
इतना ही नहीं तेल, दाल, चीनी, आलू, प्याज, टमाटर और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। साथ ही आरजेडी नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों का फायदा अमीरों को मिल रहा है, जबकि गरीब और आम आदमी का जीवन लगातार कठिन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और भुखमरी के खिलाफ राजद का संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।




















