आरयू ब्यूरो, लखनऊ/बागपत। बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। बड़ागांव टोल के पास तेज रफ्तार कैंटर ने श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। इस हादसे में 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक बीती देर रात पिकअप वाहन (UP-24 AT-1819) में कुल 32 लोग सवार थे। सभी राजस्थान के गोगामेड़ी से दर्शन कर अपने गांव अल्हापुर, थाना उझानी, बदायूं लौट रहे थे। तभी बड़ागांव के पास पिकअप को तेज रफ्तार टैंकर ने टक्कर मार दी जिससे पिकअप अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
पिकअप के पलटते ही उसमें सवार कई लोग वाहन के नीचे दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और राहगीरों की मदद से वाहन के नीचे दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 27 लोग घायल हुए थे। घायलों को सीएचसी खेकड़ा और बागपत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से कई घायलों को मेरठ रेफर किया गया, जबकि गंभीर घायलों को जीटीबी अस्पताल दिल्ली भेजा गया। जहां मेरठ मेडिकल में उपचार के दौरान छह और घायलों की मौत हो गई। इसके बाद हादसे में मृतकों की कुल संख्या 12 पहुंच गई। हालांकि 21 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- उधमपुर में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी ओवरस्पीड प्राइवेट बस, 22 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 40 घायल
वहीं इस हादसे की सूचना पाकर डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज कुमार राय देर रात जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली और अस्पताल में भर्ती श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनका हाल जाना। इस दौरान अधिकारियों ने चिकित्सकों को घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस संबंध में घायल श्रद्धालु विपिन कुमार ने बताया कि सभी लोग राजस्थान के गोगामेड़ी से दर्शन कर जिला बदायूं लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ागांव टोल के पास अचानक तेज रफ्तार कैंटर ने पिकअप में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई और कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।




















