फिर मिली दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

स्कूलों को धमकी
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। दिल्ली के कई स्कूलों को एक बार फिर मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिसके बाद स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। धमकी के बारे में पता लगते ही स्कूल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर परिसर खाली कराने के साथ ही पुलिस को इसकी खबर दी। मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस की टीमें, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद स्कूलों की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, ब्रिटिश स्कूल, संस्कृत‍ि स्कूल और सरदार पटेल विद्यालय को मंगलवार सुबह बम की धमकी मिली है। इसके अलावा स्प्रिंगडेल्स स्कूल और एयर फोर्स बाल भारती स्कूल समेत कुछ दूसरे शिक्षण संस्थानों को भी धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि स्कूलों को धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई है। धमकी की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने बच्चों और स्टाफ को परिसर से बाहर निकाल दिया।

यह भी पढ़ें- राजधानी के स्कूलों को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

पुलिस का कहना है कि स्कूलों से सुबह करीब 10:30 बजे से 10:45 बजे के बीच सूचना मिली। इसके बाद अलग-अलग टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे परिसर की जांच शुरू की गई। पुलिस के साथ बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और दिल्ली फायर सर्विस की टीमें भी जांच में जुटी। वहीं स्कूलों के कमरों, खुले इलाकों और आस-पास के हिस्सों में एंटी-सैबोटाज चेकिंग की गई।

पुलिस के मुताबिक अब तक तलाशी में किसी संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ईमेल किसने भेजा। साथ ही पुलिस तकनीकी जांच की सहायता से भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- 230 यात्रियों को ले जा रही इंडिगो फ्लाइट को मिली टिश्यू पेपर के जरिये बम की धमकी, लखनऊ एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग