MP में भीषण हादसा, बरसाती नाले में बही कार, महिला बच्चों समेत आठ श्रद्धालुओं की मौत

भीषण हादसा
हादसे के बाद घायलों को रेस्क्यू करते लोग।

आरयू वेब टीम। मध्य प्रदेश में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मालवा जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास श्रद्धालुओं से भरी एक कार बरसाती नाले में बह गई। हादसे में महिला बच्चों समेत आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कार के नाले में बहने के बाद घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को कार सवार दर्शन कर पास के ही बगलामुखी मंदिर से लौट रहे थे। तभी बरसाती नाले को पार करते समय कार तेज बहाव में अनियंत्रित हो गई। सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर प्रशासनिक अमला घटनास्थल पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गया। रेस्क्यू टीम ने करीब आठ लोगों के शव कार से बाहर निकाले हैं।

मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। इसी दौरान उनकी कार मंदिर के समीप बरसाती नाले में बह गई। लोगों का कहना है कि, भारी बारिश के बाद बरसाती नाले में पानी का बहाव बहुत तेज था।

यह भी पढ़ें- मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो-कार व ट्राले से टकराईं ट्रक, 11 की मौत

नाला पार करने की कोशिश के दौरान, तेज बहाव की वजह से कार ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया और गाड़ी बह गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रस्सी के जरिए कार को नाले के किनारे खींचा, जिसके बाद उसमें सवार लोगों के शव निकाले गए। ये परिवार ओडिशा से उज्जैन घूमने आया था। जिसके बाद परिवार मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन के लिए नलखेड़ा पहुंचा था। मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर से उसके मालिक का पता लगा रही है।

यह भी पढ़ें- जौनपुर: भीषण सड़क हादसों में महाकुंभ के आठ श्रद्धालुओं की मौत, 40 से ज्‍यादा घायल