आफत की बारिश में डीएम व नगर आयुक्त ने लिया शहर का जायजा, दिए पंप से पानी निकालने के निर्देश

आफत की बारिश
डीएम व नगर आयुक्त को हालात की जानकारी देते अधिकारी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में आफत की बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लखनऊ में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जिलाधिकारी विशाख जी ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ शनिवार को शहर के जलभराव वाले इलाकों का जायजा लिया। साथ ही पानी निकालने के निर्देश दिए।

डीएम ने गोमतीनगर के बाढ़ पंपिंग स्टेशन, जनेश्वर मिश्र रेलवे अंडरपास, ग्वारी चौराहा, हुसड़िया चौराहा, हैनीमैन चौराहा, कठौता झील के पास हाईकोर्ट- आइजीपी रोड, विजयपुर अंडरपास, इकाना स्टेडियम, अहिमामऊ, लेखराज मार्केट और टेढ़ी पुलिया समेत कई स्थानों का जायजा लिया।

साथ ही गोमतीनगर, खदरा और जानकीपुरम के बाढ़ पंपिंग स्टेशनों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त को सभी पंपिंग स्टेशन 24 घंटे पूरी क्षमता से चलवाने, जलभराव की सूचना मिलते ही टीमों को पंपिंग उपकरणों के साथ मौके पर भेजने के निर्देश दिए।

इस संबंध में नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मीडिया को बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में पेड़ गिरने की सूचना प्राप्त हो, वहां टीम तत्काल भेजकर पेड़ हटाएं।

वहीं डीएम ने स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां से लाइव स्ट्रीमिंग के जरिये की जा रही शहर के सभी पंपिंग स्टेशनों की निगरानी का जायजा लिया। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में एसडीएम और बीडीओ तथा शहरी क्षेत्रों में नगर निगम अधिकारियों को जलभराव की सूचना मिलते ही टीम और पंप मौके पर भेजने को कहा।

यह भी पढ़ें- भारी बारिश से रहीमाबाद में गिरा मकान, भाई-बहन सहित पिता घायल

गौरतलब है कि नगर निगम ने बारिश, जलभराव, पेड़ गिरने से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम का टोल फ्री नंबर 1533 जारी किया है। इसके अलावा लोग 9219902911, 9219902912, 9219902913 एवं 9219902914 पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

यह भी  पढ़े- UP Weather Alert: लखनऊ में लगातार बरसे बादल, 8 जिलों में भी अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट जारी, कई जनपदों में बाढ़ का अनुमान