योगी सरकार के गले की हड्डी बन रहा एलडीए का भ्रष्‍टाचार, ‘बोले अखिलेश, LDA बना करप्‍शन का अड्डा, अधिकारी ले रहा खुलेआम पैसा’

एलडीए

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। अगामी यूपी विधानसभा चुनाव से पहले लखनऊ विकास प्राधिकरण में तेजी से बढ़ता भ्रष्‍टाचार अब योगी सरकार के गले की हड्डी बनता जा रहा। एलडीए के साथ ही सीएम योगी आदित्‍यनाथ की छवि को भी धूमिल करने वाले मामले लगातार एलडीए से सामने आने के बाद अब विपक्ष ने भी इसको लेकर योगी सरकार पर निशाना साधना तेज कर दिया है। आज इसी क्रम में यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा है कि बीजेपी के लोगों ने एलडीए को करप्‍शन का अड्डा बना दिया है। एलडीए में अधिकारी खुलेआम पैसा ले रहें हैं।

यह भी पढ़ें- साढ़े सात लाख घूस लेते LDA का सबसे छोटा इंजीनियर-कर्मी गिरफ्तार, 15 लाख में हुई थीं कार्रवाई न करने की डील

पूर्व मुख्‍यमंत्री का यह बयान एक न्‍यूज वेबसाइट के कैमरे पर अवैध निर्माण को संरक्षण देने के बदले वसूली की बात करने वाले एक जोनल अधिकारी व इंजीनियर के कैद होने के बाद सामने आया है। आज एक श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने मोहन रोड (घुरघुरी तालाब) पहुंचे अखिलेश पत्रकारों से बात कर रहे थे। इसी दौरान सपा सुप्रीमो ने सीधे मुख्‍यमंत्री से जुड़े विभाग एलडीए के अफसरों की ईमानदारी को कटघरे में खड़ा करते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश ने पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा कि ये जो एलडीए विभाग है ये यह करप्‍शन का विभाग है। यह पैसा इकट्ठा करने का विभाग है।

यह भी पढ़ें- वसूली के बाद भी अवैध निर्माण सील कराने वाला सुपरवाइजर नि‍लंबित, फिर बचे LDA के इंजीनियर-अफसर

अखिलेश ने एक दिन पहले ही सामने आये न्‍यूज वेबसाइट (दैनिक भास्‍कर) के एलडीए में अवैध निर्माण को संरक्षण देने वाले जोनल अधिकारी व जेई के स्टिंग ऑपरेशन का जिक्र करते हुए कहा कि एक प्रतिष्ठित चैनल ने खोजी पत्रकारिता करते हुए एलडीए की बहुत सी चीजें उजागर की हैं। अधिकारी खुलेआम पैसा ले रहा है। एलडीए को बीजेपी के लोगों ने करप्‍शन का अड्डा बना दिया है।

किसानों को बाजार रेट पर देंगे जमीन का मुआवजा

साथ ही जमीन मुआवजे को लेकर एलडीए से चल रहे किसानों के विवाद पर भी आज अखिलेश ने सवाल उठाया। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों को उनकी जमीन का सही मुआवजा नहीं मिल रहा, जबकि सपा सरकार में लखनऊ-आगरा एक्‍सप्रेसवे बनने के दौरान सर्किल रेट बढ़ाते हुए किसानों को बाजार भाव के हिसाब से मुआवजा दिया गया था। सपा सरकार बनने पर आगे भी किसानों की जमीन तभी ली जायेंगी जब उन्‍हें बाजार भाव दिया जा सके।

पूर्व सीएम ने एलडीए द्वारा अकबर नगर के हजारों मकान-दुकान तोड़ने पर भी आज सवाल उठाया। अखिलेश ने कहा कि अकबरनगर पूरा खाली करा लिया गया, लेकिन रिवर फ्रंट नहीं बनाया गया।

यह भी पढ़ें- पांच दिन में दूसरी बार खुला LDA के अर्जन का बड़ा कांड, LARA कोर्ट ने कुर्क किया प्रबंध नगर का 52 करोड़ 35 लाख, अर्से से जमा सर्वेयर निलंबित

लगातार खुल रही इंजीनियर-अफसरों की कारस्‍तानी

उल्‍लेखनीय है कि एलडीए और करप्‍शन का हमेशा से चोली-दामन का साथ रहा है। लेकिन हाल के कुछ महीनों में जिस तरह से अवैध निर्माण की ठेकेदारी, टेंडर पूलिंग, नगर निगम को हैंडओवर गोमतीनगर के पार्कों के फर्जी टेंडर, कॉ‍मर्शियल प्रापर्टी की नीलामी में धांधली, एनओसी देने, नक्‍शा पास कराने, व अन्‍य कामों के बदले रिश्‍वतखोरी के सामने आये मामलों ने सिर्फ एलडीए की छवि पहले से कहीं ज्‍यादा दागदार कर दिया है, बल्कि देश के ईमानदार मुख्‍यमंत्रियों में गिने जाने वाले योगी आदित्‍यनाथ की छवि पर भी विपक्ष को उंगली उठाने का मौका दिया है।

यह भी पढ़ें- ग्रीन जोन बनें NHAI के शहीद पथ की हरियाली के नाम पर जनता के 43 करोड़ फूंकेगा LDA!, टेंडर भी कराया टुकड़ों में, उठ रहें सवाल

करीबियों ने ढहाया करप्‍शन का कहर!

कहा जा रहा है कि सीएम  से अपनी करीबी दर्शाने वाले एलडीए का बड़ा अफसर व इंजीनियर न सिर्फ करप्‍श्‍न कर रहें, बल्कि अपने मातहतों को हर तरह के भ्रष्‍टाचार करने की भी खुली छूट दे रखी है। कुछ अंडरट्रांसफर अधिकारी व इंजीनियरों की रिश्‍वतखोरी व मनमानी ने एलडीए में हालात और ज्‍यादा बिगाड़ दिये हैं। शासन स्‍तर से एलडीए में फैले भ्रष्‍टाचार के खिलाफ सख्‍त कदम नहीं उठाया गया तो आने वाले समय में प्राधिकराण में करप्‍शन की स्थिति और भी ज्‍यादा भयावह होगी, जिसका खामियाजा भाजपा को विधानसभा चुनाव में उठाना पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें- LDA ऑफिस में ही उड़ी ई-टेंडर की धज्जियां, तबादले के बाद भी जमे बेखौफ इंजीनियर बिना निविदा ही नई बिल्डिंग में करा रहें साढ़े चार करोड़ का रेनोवेशन