आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा में दूसरे चरण का आयोजन 30 अक्टूबर 2026 को दो पालियों में होगा।जिसके कारण राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
लखनऊ में जिलाधिकारी विशाख जी के अनुमोदन के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पाण्डेय ने 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश का आदेश जारी किया है। यूपी पीईटी परीक्षा के कारण 30 अक्टूबर को सभी बोर्ड के सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। 12 तक के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्ववित्तपोषित विद्यालयों में एक दिवसीय शैक्षणिक अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। जिसमें तर्क दिया गया है कि एग्जाम के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। राजधानी में पीईटी- 2026 के लिए कुल 45 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
लखनऊ के जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पाण्डेय के आदेश के अनुसार उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की पीईटी परीक्षा-2026 45 केंद्रों पर 30 अक्टूबर और एक नवंबर को दो-दो पालियों में होनी है। साथ ही देवेंद्र कुमार का कहना है कि एक पाली में करीब 20-25 हजार अभ्यर्थियों के साथ उनके अभिभावकों के आने की संभावना है।
इससे शहर में भीड़ अधिक हो सकती है। ऐसे में मंजूरी के बाद 30 अक्टूबर को स्कूलों में एक दिन का शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है। साथ ही अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें सरकारी और निजी स्कूल शामिल हैं। अभिभावकों और विद्यार्थियों को अवकाश के संबंध में जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- UPSSSC PET 2026 के एडमिट कार्ड जारी, 60 जनपदों में होगा एग्जाम
गौरतलब है कि पहली पाली में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली: दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले ही अपने निर्धारित केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षार्थी अपने साथ अपना एडमिट कार्ड और एक वैध मूल फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी आदि) अवश्य लेकर जाएं।
यह भी पढ़ें- यूपी बोर्ड ने 10वीं-12वीं एग्जाम की तारीखें की घोषित, पांच फरवरी से शुरू होगा पेपर




















