यूपी में 11 PCS अफसरों का तबादला, संजय कुमार बनें अपर नगर आयुक्‍त लखनऊ नगर निगम

अधिकारियों का तबादला

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक महकमे में एक बार फिर बड़ा फेरबदल हुआ है। शासन की ओर से जारी तबादला सूची ने कई जिलों और विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी हैं। जिसके तहत 11 पीसीएस अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। इस बदलाव में लखनऊ समेत हाथरस, फतेहपुर, मथुरा और पीलीभीत के अधिकारियों के नाम शामिल हैं।

तबादला लिस्ट के मुताबिक में पीसीएस अधिकारी राज बहादुर को उपजिलाधिकारी, हाथरस से अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), बुलंदशहर में तैनाती दी गई है। इसी तरह लखनऊ में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात संजय कुमार यादव को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें नगर निगम लखनऊ में अपर नगर आयुक्त बनाया गया है।

वहीं फतेहपुर में भी प्रशासनिक बदलाव किया गया है। यहां उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात दुर्गेश यादव को हटाकर राहत आयुक्त कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। वहीं, राहत आयुक्त कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी के पद पर तैनात शशि कुमार को फतेहपुर का उप जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा मथुरा में उप जिलाधिकारी के पद पर तैनात सुशील कुमार सिंह को भी फतेहपुर भेजा गया है।

यह भी पढ़ें- यूपी में 15 IAS अफसरों का तबादला, 23 PCS अधिकारियों की भी बदली कुर्सी, देखें लिस्‍ट

साथ ही पीलीभीत में उपजिलाधिकारी के पद पर काम कर रहे हेमंत कुमार चौधरी को उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। उन्हें अब आपदा प्रबंधन से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी निभानी होगी। वहीं, उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी के पद पर तैनात मांधाता प्रताप सिंह को पीलीभीत का उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

चकबंदी मुख्यालय में अदला-बदली

तबादला सूची में चकबंदी विभाग से जुड़े दो अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। पीलीभीत में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात मयंक गोस्वामी को चकबंदी मुख्यालय, लखनऊ में बंदोबस्त अधिकारी (चकबंदी) बनाया गया है। वहीं, चकबंदी मुख्यालय, लखनऊ में बंदोबस्त अधिकारी (चकबंदी) के पद पर तैनात अजय कुमार को पीलीभीत का उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इस बदलाव के तहत दोनों अधिकारियों की तैनाती आपस में बदली गई है। मयंक गोस्वामी अब मुख्यालय में जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि अजय कुमार पीलीभीत में प्रशासनिक कामकाज देखेंगे।

रायबरेली में ADM की बदली जिम्मेदारी

रायबरेली में भी इस प्रशासनिक फेरबदल का असर देखने को मिला है। यहां अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के पद पर तैनात अशोक कुमार गुप्ता को यूपी सहकारी चीनी मिल संघ का प्रधान प्रबंधक बनाया गया है। वहीं  सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक के पद पर तैनात अमित कुमार-2 को रायबरेली का अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नियुक्त किया गया है। इस बदलाव के साथ रायबरेली में एडीएम प्रशासन की जिम्मेदारी अमित कुमार-2 संभालेंगे। जबकि अशोक कुमार गुप्ता अब सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक के रूप में काम करेंगे।

यह भी पढ़ें- यूपी में 19 IPS अफसरों का तबादला, बाराबंकी-बागपत व गाजीपुर समेत दस जिलों के बदले कप्तान