ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA के सांसदों ने आयोजित किया जन-महाभियोग, खड़गे बोले, सत्‍ता कब्‍जाने के लिए मोदी सरकार ने की हर तरह की साजिश

मल्लिकार्जुन खड़गे
जन-महाभियोग को संबोधित करते मल्लिकार्जुन खड़गे।

आरयू वेब टीम। वोट चोरी को लेकर उठे विवाद पर विपक्ष मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त को हटाने की मांग कर रहा है। आज इसी क्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन के सांसदों ने सिंबॉलिक पब्लिक इंपीचमेंट कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि नागरिकों के वोट का अधिकार गंभीर खतरे में है। साथ ही मांग की है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाया जाए। मल्लिकार्जुन ने अपने संबोधन में सरकार के साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त पर भी जमकर हमला बोला।

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जन-महाभियोग में कांग्रेस अध्यक्ष ने संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने 2014 से सत्ता पर कब्ज़ा करने के लिए हर तरह की साजिश की है। सांसद चोरी, पार्टी तोड़ना, सरकार चोरी, ईडी-सीबीआइ का इस्तेमाल और अब वोट चोरी। यानी विपक्ष का वोट काटो और राज करो।

मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त के कार्रवाई से नहीं डरने का तर्क देते हुए कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ‘वोट चोरी’ को अंजाम दे पा रहे हैं, क्योंकि दिसंबर 2023 में 145 विपक्षी सांसदों को सस्पेंड करके एक बिल पास किया गया था, जिससे सीईसी को इम्युनिटी मिलती है।

कुछ उदाहरण देते हुए खड़गे ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र और हरियाणा में हमारा बेहतरीन प्रदर्शन था, लेकिन विधानसभा चुनावों में नतीजा पलट गया। कारण- चुनाव से पहले अवैध तरीके से वोट जोड़े गए और फिर सबके नाम हटा दिए गए। ये काम मोदी-शाह और ज्ञानेश मिलकर कर रहे हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन से पहले लोकसभा की पूर्व स्पीकर मीरा कुमार ने इसकी अध्यक्षता करते हुए कहा कि आज ये सभा सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जन-महाभियोग की कार्यवाही के लिए बुलाई गई है। देश के करोड़ों लोगों के नाम अनुचित तरीके से मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं, वहीं इस बारे में सवाल पूछने पर कोई जवाबदेही तय नहीं की जाती। इसलिए इंडिया गठबंधन द्वारा तय किया गया कि एक सभा बुलाकर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जन-महाभियोग लाया जाए और उन्हें पद से हटा दिया जाए।

यह भी पढ़ें- ज्ञानेश कुमार को कुर्सी से हटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक मार्च में उमड़ा जनसैलाब, प्रियंका गांधी-नेहा बोरा की ढाल भी बनें राहुल गांधी

इसके बाद खड़गे ने अपने संबोधन के शुरुआत में सरदार पटेल और इंदिरा गांधी को याद कर कहा कि नागरिकों के वोट का अधिकार गंभीर खतरे में है। आगे कहा कि वोट का अधिकार आम आदमी की सबसे बड़ी ताकत है। वोट के अधिकार से सरकार बनती है और चलती है। जनता के इस अधिकार को बचाने के लिए हमलोग संघर्ष कर रहे हैं।

इंदिरा गांधी के शहादत दिवस पर दी श्रद्धांजलि

वहीं कांग्रेस नेता ने कहा कि आज मैं देश के पहले उप प्रधानमंत्री सरदार पटेल जी की 151वीं जयंती और देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ये दोनों ही महान राष्ट्रनिर्माता स्वतंत्रता सेनानी और कांग्रेस के अध्यक्ष रहे थे। इंदिरा गांधी जी को अपनी मृत्यु से पहले बहुत सी बातों का आभास हो चुका था। इसके बाद उन्होंने इंदिरा गांधी के कथन का उल्लेख किया।

पीएम और गृह मंत्री के आदेश पर काम कर रहे सीईसी

प्रोग्राम में मौजूद लोगों को संबो‍धित कर खड़गे ने कहा कि “भारत के संविधान में आर्टिकल-326 के तहत हमारे नागरिकों को जो वोट का अधिकार मिला, आज वह गंभीर खतरे में है। महात्मा गांधी जी, नेहरू जी, बाबा साहेब अंबेडकर जी, सरदार पटेल जी, मौलाना आजाद जी और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों को इसके लिए बहुत मेहनत करनी पड़ी थी। इन महापुरुषों ने पहले हमें आजादी दिलाई, फिर लोकतंत्र को बचाने के लिए संविधान को बनाया। बाबा साहेब ने कहा था- वोट का अधिकार आम जनता की सबसे बड़ी ताकत है। इसी अधिकार से जनता सरकार बनाती है और हटाती है।लेकिन आज वह अधिकार खतरे में है, क्योंकि CEC ज्ञानेश कुमार सीधे प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के निर्देश पर आयोग चला रहे हैं।”

यह भी पढ़ें- चुनाव आयोग के खिलाफ सड़क पर उतरेगा INDIA, खड़गे ने किया आंदोलन का ऐलान