आरयू ब्यूरो, लखनऊ। गुरु नानक देव की 557वां प्रकाश पर्व के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ याहियागंज स्थित गुरुद्वारे पहुंचे। जहां मत्था टेककर गुरु नानक देव को नमन किया और देश में सुख-शांति, समृद्धि और एकता की अरदास की। इसके बाद संगत के बीच बैठकर कीर्तन सुना। राजनाथ सिंह ने कहा कि वह यहां किसी जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक श्रद्धालु और सेवक के तौर पर पहुंचे हैं।
यह भी पढ़ें’ ब्रह्माकुमारीज की स्थापना दिवस पर बोले राजनाथ सिंह, राजनीति सिर्फ सत्ता नहीं, समाज को दिशा देने का भी माध्यम
रक्षामंत्री ने कहा कि सिख इतिहास में करुणा, सेवा और मानवता के साथ अन्याय के खिलाफ खड़े होने का अदम्य साहस भी दिखाई देता है। चार साहिबजादों की शहादत, गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान और गुरु गोबिंद सिंह जी का संघर्ष इसी वीर परंपरा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि गुरु परंपरा में सेवा और शौर्य दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। गुरुपर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और बलिदान की परंपरा को याद करने का भी दिन है।
गुरुनानक के संदेशों को करें आत्मसाद
वहीं राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रकाश पर्व की सार्थकता तभी है, जब हम गुरु नानक देव जी के विचारों और उनके दिए संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करें। उन्होंने संगत से आपसी भाईचारे, शांति और एकता की भावना मजबूत करने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के उद्घोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।
सिर पर साफा बांधकर पहुंचे डिप्टी सीएम
इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी सिर पर साफा बांधकर गुरुद्वारे पहुंचे। दोनों नेताओं ने धार्मिक आयोजन में हिस्सा लिया और संगत के साथ बैठकर शबद-कीर्तन सुना। प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।




















