लखनऊ में संविधान रक्षा यात्रा’ की अनुमानित न मिलने पर बोल मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस की छाया से भी डरने लगी भाजपा

मल्लिकार्जुन खड़गे
कार्यक्रम को संबोधित करते मल्लिकार्जुन खड़गे।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में संविधान रक्षा यात्रा को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने संविधान दिवस के मौके पर प्रस्तावित ‘संविधान रक्षा यात्रा’ निकालने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तंज कसते हुए कहा कि योगी सरकार राहुल गांधी और कांग्रेस से बहुत डरती है। खड़गे ने यहां तक कहा कि अब भाजपा कांग्रेस की छाया से भी डरने लगी है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में ‘संविधान रक्षा सम्मेलन’ के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को ऐसा सबक सिखाया कि उसका ‘400 पार’ का नारा ही खामोश हो गया।

ऐसे गद्दार लोग हमें सिखाते हैं…

साथ ही खड़गे ने कार्यक्रम में भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग हमें संविधान का ज्ञान दे रहे हैं। हमने संविधान बनाया है और हम इसकी रक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि ये लोग अपने कार्यालय पर तिरंगा झंडा नहीं लगाते थे। आरएसएस- भाजपा के कार्यालय पर कभी तिरंगा झंडा लगाया। ऐसे गद्दार लोग हमें सिखाते हैं। ऐसे लोगों को जल्द से जल्द रफा-दफा करना होगा। मैं पहले से बोलता रहा हूं, ये लोग ऐसे हैं जिसको भी काट लेंगे वह आदमी मर जाएगा।

ये विचारधारा की लड़ाई

वहीं मल्लिकार्जुन खड़गे ने हमला जारी रखते हुए कहा कि देश में आज दो विचार धाराओं के बीच लड़ाई है। एक तरफ हम हैं जो संविधान के साथ खड़े हैं। दूसरी तरफ वे हैं जो इसका विरोध करते हैं। ये हमेशा से इसके खिलाफ रहे हैं। पिछले 12 सालों से संविधान विरोधी सोच रखने वाले लोग लगातार संविधान को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। ये लोग नफरत से प्रेरित हैं।

डर से कुछ लोग भाजपा में शामिल हो जाएं

खड़गे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी खत्म नहीं होने वाली है। हमारा 143 साल पुराना इतिहास है। अगर कांग्रेस पार्टी 143 सालों में खत्म नहीं हुई, तो अब क्यों खत्म होगी? हमारे पास अब एक ऐसा नेता है जो किसी से नहीं डरता और जिसे कोई डरा भी नहीं सकता। हम ऐसे लोग नहीं हैं जो डरकर जीते हैं। हो सकता है कि डर की वजह से कुछ लोग बीजेपी में शामिल हो जाएं या अपने घरों में बैठ जाएं।

पता नहीं दोनों के बीच सब ठीक है या नहीं

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी अपने निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि शाह ने भी अपने सार्वजनिक बयानों को कम कर दिया है। खरगे ने तंज कसते हुए कहा, ”मुझे नहीं पता कि इन दोनों (मोदी और शाह) के बीच सब कुछ ठीक चल रहा है या नहीं।” उनके इस बयान के बाद सम्मेलन में राजनीतिक हलचल और तेज हो गई।

प्रधानमंत्री की कुर्सी पर टिकी है नजर

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना उन पर भी परोक्ष हमला किया। उन्होंने कहा कि लखनऊ में एक और व्यक्ति है, जिसकी नजरें प्रधानमंत्री की कुर्सी पर टिकी हैं। इस टिप्पणी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- मंच से बोले कांग्रेस सुप्रीमो खड़गे, SIR के खिलाफ प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई, EVM बैन करने की मांग भी उठाई

गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे गुरुवार को पार्टी के प्रस्तावित ‘संविधान रक्षा सम्मेलन’ में शामिल होने के लिए लखनऊ पहुंचे। लखनऊ पहुंचने के बाद कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और सांसद प्रमोद तिवारी के साथ आंबेडकर महासभा परिसर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस परिसर में डॉ. बीआर अंबेडकर की अस्थियां रखी हैं।

यह भी पढ़ें- इंदिरा गांधी की जयंती पर खड़गे-प्रिंयका समेत कई नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को किया याद