AAP का ऐलान, राष्ट्रपति चुनाव में यशवंत सिन्हा को देंगे समर्थन

आप का ऐलान
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। देश के अगले राष्ट्रपति के लिए 18 जुलाई को वोटिंग होगी और 21 जुलाई को नए राष्ट्रपति के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। एक तरफ एनडीए ने द्रौपदी मुर्मू को खड़ा किया है तो दूसरी ओर विपक्ष ने यशवंत सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया है। इस बीच आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करने का ऐलान किया है।

शनिवार को आम आदमी पार्टी की राजनीतिक सलाहकार समिति (पीएसी) की बैठक हुई। जिसमें यशवंत सिन्हा को समर्थन देने पर फैसला हुआ। सांसद संजय सिंह ने पार्टी की राजनीतिक मामलों की सीमिति की बैठक के बाद बताया कि, “आप विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करेगी, हालांकि हम द्रौपदी मुर्मू का सम्मान करते हैं, लेकिन हम यशवंत सिन्हा को वोट देंगे।”

दरअसल, आज आप की राजनीतिक सलाहकार समिति (पीएसी) की बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पीएसी के अन्य सदस्य शामिल हुए। इस बैठक में राष्ट्रपति चुनाव में किसका समर्थन किया जाए, इसे लेकर चर्चा हुई। बैठक में केजरीवाल के अलावा उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, राज्यसभा सांसद संजय सिंह, पंजाब के सांसद राघव चड्ढा और विधायक आतिशी सहित सभी 11 पीएसी सदस्य शामिल हुए।

यह भी पढ़ें- बोले यशवंत सिन्हा, राष्ट्रपति चुनाव में भी भाजपा चला रही ऑपरेशन कमल उठाई जांच की मांग

बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान सोमवार को होगा। आप एकमात्र गैर-भाजपा, गैर-कांग्रेसी पार्टी है जिसकी दो राज्यों- दिल्ली और पंजाब में सरकारें हैं। दोनों राज्यों से आप के दस राज्यसभा सांसद हैं, जिनमें तीन दिल्ली से हैं। साथ ही, पार्टी के पंजाब में 92, दिल्ली में 62 और गोवा में दो विधायक हैं।

यह भी पढ़ें- विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने किया नामांकन, शरद पवार-राहुल समेत कई दिग्‍गज नेता रहें मौजूद