अब BJP अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव, मंत्री महेंद्र सिंह और विधायक पाए गए कोरोना पॉजिटिव

भाजपा की लिस्ट
स्‍वतंत्र देव सिंह। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, टीम। प्रदेश में तेजी से बढ़ते कोरोना वायरस ने अब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को अपनी चपेट में ले लिया है। रविवार को जांच में स्‍वतंत्र देव सिंह कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद डॉक्टर की सलाह पर उन्होंने खुद को होम क्वारंटीन में रखने का फैसला किया है।

जांच रिपोर्ट आने के बाद प्रदेश अध्‍यक्ष ने इसकी जानकारी खुद ट्वीट कर दी। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, “मुझे कोरोना के शुरुआती लक्षण दिख रहे थे, जिसके चलते मैंने अपनी कोविड-19 की जांच कराई। जांच में मेरी रिपोर्ट कोरोना पॉजि‍टिव आई है। मुझसे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से मेरा निवेदन है कि वह गाइडलाइन के अनुसार स्वयं को क्‍वारेंटाइन कर ले और आवश्यकता अनुसार अपनी जांच करा ले।”

साथ ही उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह भी आज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें पीजीआई अस्पताल लखनऊ में भर्ती किया गया है।

वहीं दूसरी ओर आगरा की दक्षिण सीट से भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। शुक्रवार को उनकी पत्‍नी और दो बेटों के पॉजिटिव मिलने के बाद उन्होंने लखनऊ में नमूना दिया था। इसकी रिपोर्ट रविवार को आई। वह आगरा में उसी निजी अस्पताल में भर्ती हो गए हैं, जहां उनकी पत्‍नी और बेटों का उपचार चल रहा है। उधर, उनकी पुत्रवधू की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इस तरह उनका पूरा परिवार ही संक्रमित हो गया है।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार की कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण कि कोरोना से PGI में मौत

रिपोर्ट आने के बाद विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने लोगों से अपील करते हुए कहा है की, जो भी लोग 27 जुलाई के बाद से उनके संपर्क में आए हैं, वे अपनी कोरोना जांच जरूर करा लें। उधर, स्वास्थ्य विभाग भी उन लोगों की सूची बना रहा है जो विधायक के संपर्क में आए हैं।

यह भी पढ़ें- गृह मंत्री अमित शाह भी मिलें कोरोना संक्रमित, जांच कराने का लोगों से किया अनुरोध

बता दें कि विधायक योगेंद्र उपाध्याय को हाल ही में भाजपा विधायक मंडल दल का मुख्य सचेतक बनाया गया था। वह 20 जुलाई को लखनऊ से आगरा वापस आए। तब से अब तक उनसे मिलने के लिए हजारों लोग पहुंचे थे। विधायक घर पर ही जनसमस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने राशन किट का वितरण भी किया था। उनके संपर्क में रहे लोग अब तनाव में बताए जा रहे हैं। दस ने तो सैंपल भी दे दिए हैं।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में कोरोना ने बरपाया कहर, एक ही दिन में मंत्री समेत 14 की मौत, 391 नए संक्रमित भी मिलें

योगेंद्र उपाध्याय के मुख्य सचेतक बनने पर भाजपा के उत्तर सीट के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महानगर अध्यक्ष भानू महाजन, 15 पार्षद, महानगर के सभी मंडल के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में लोग बधाई देने पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें- अब यूपी के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री हुए कोरोना पॉजिटिव, खुद को किया क्‍वारेंटाइन

गौरतलब है कि आज जहां इससे पहले कोरोना से संक्रमित प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण की पीजीआइ में मौत हो चुकी है। वहीं शाम को जांच में गृह मंत्री अमित शाह भी कोरोना पॉजिटिव मिलें हैं, उन्‍हें राजधानी दिल्‍ली के मेदांता अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।