आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अनंत नगर, वरूण विहार, नैमिष नगर, आइटी व वेलनेस सिटी के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण अपनी छठीं नयी योजना पर काम शुरू करने जा रहा। एलडीए आगरा एक्सप्रेस-वे पर वशिष्ठ नगर योजना विकसित करेगा। प्राधिकरण का कहना है कि करीब 1035 एकड़ वाली इस योजना की जमीन जुटाने में लगभग 1328 करोड़ रूपये खर्च होंगे। यह योजना न सिर्फ यूपी स्टेट कैपिटल रीजन में इंडस्ट्रियल, लॉजिस्टिक्स व आर्थिक गतिविधियों को स्पीड देगी, बल्कि सूबे की राजधानी को नेशनल व इंटरनेशनल सप्लाई चेन से जोड़ेगी। इसमें बड़ी संख्या में आवासीय प्लॉट और फ्लैट भी बनाए जायेंगे।
गुरुवार को इस बारे में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने पत्रकारों से कहा है कि इस योजना का पूरा खाका तैयार कर लिया गया है। इसे मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत विकसित किया जाएगा, जिसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है। वशिष्ठ नगर योजना में वर्ल्ड क्लास इंडस्ट्रियल इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलप्ड होने से बाहरी निवेश आकर्षित होगा।
यह भी पढ़ें- एक साथ लांच होगी नैमिष नगर व वरूण विहार योजना, सड़क निर्माण के टेंडर में तेजी दिखाएगा एलडीए
योजना को लेकर एलडीए वीसी ने यह भी कहा है कि स्टेट कैपिटल रीजन के विजन को साकार करने के लिए जरूरी है कि क्षेत्र में बड़े लेवल पर रोजगार के मौके पैदा किये जाएं। इसके लिए औद्योगिक विकास, निर्बाध कनेक्टिविटी, सतत विकास तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए वशिष्ठ नगर योजना की रूपरेखा तैयार की गयी है। जिसमें आधुनिक औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स हब, उत्कृष्ट रोड नेटवर्क, विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना तथा पर्यावरणीय संतुलन पर विशेष बल दिया गया है।
यह भी पढ़ें- LDA की अनंत नगर का शुभारंभ कर बोले CM योगी, जितनी देर में आई आवासीय योजना उतनी ही जल्दी मिले जनता को लाभ
कनेक्टिविटी का मिलेगा फायदा
उपाध्यक्ष ने बताया कि वशिष्ठ नगर योजना आगरा एक्सप्रेस-वे, मोहन रोड, लिंक एक्सप्रेस-वे तथा वरुण विहार योजना जैसे महत्वपूर्ण कॉरिडोर से सीधे कनेक्ट होगी। इससे उद्योग, वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स व परिवहन क्षेत्र को सीधा फायदा मिलेगा। इस योजना में अंतरराष्ट्रीय बस टर्मिनल भी होगा।
यह भी पढ़ें- बिल्डरों की नाराजगी के बाद बैकफुट पर आया एलडीए, शुरू होने से पहले ही छोटी हुई वेलनेस सिटी, बोर्ड बैठक में इन फैसलों पर भी लगी मुहर
वरूण विहार के सामने होगी वशिष्ठ नगर
उपाध्यक्ष ने बताया कि आगरा एक्सप्रेस-वे के एक तरफ वरूण विहार योजना और दूसरी तरफ वशिष्ठ नगर योजना विकसित की जाएगी। वशिष्ठ नगर के लिए रेवरी, भलिया, गहलवारा, आदमपुर इन्दवारा, बहरू व जलियामऊ गांव की करीब 1035 एकड़ जमीन चिन्हित की गयी है। शासन से मंजूरी मिलते ही किसानों से सहमति व अन्य माध्यमों के आधार पर योजना के लिए भूमि जुटाव का कार्य शुरू किया जाएगा। जमीन जुटाने में करीब 1328 करोड़ रूपये खर्च किये जाएंगे।



















