अखिलेश का आरोप तिरंगा यात्रा के बहाने दंगा भी करवा सकती है भाजपा, सतर्क रहें

तिरंगा यात्रा
जनेश्वर मिश्र की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा द्वारा चलाए जा रहे तिरंगा अभियान पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने आज कहा कि बीजेपी बांटने की राजनीति करती है, संघ की पॉलिटिकल पार्टी भाजपा है। पिछड़े, दलित व मुस्लिमों के साथ भाजपा ने धोखा दिया है। साथ ही अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि तिरंगा अभियान और यात्रा के नाम पर भाजपा दंगा करवा सकती है, ये तिरंगे के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। इससे सतर्क रहने की जरूरत है।

अखिलेश आज वरिष्ठ समाजवादी नेता जनेश्‍वर मिश्र की 89वीं जयंती पर उन्‍हें पुष्‍पांजलि अर्पित करने गोमतीनगर स्थित जनेश्‍वर मिश्रा पार्क पहुंचे थे। यहां मीडिया से बात करते हुए उन्‍होंने कहा कि तिरंगा यात्रा निकालने वाले यह बताएं कि आज तक आरएसएस के मुख्यालय पर तिरंगा क्यों नहीं लगाया गया, जिस पार्क में हम खड़े हैं यहां पर सबसे बड़ा तिरंगा लगा है। समाजवादियों ने हर जगह तिरंगा लहराया है, लेकिन संघ के कार्यालय में तिरंगा क्यों नहीं है। अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार आई तो जातीय जनगणना होगी। मंहगाई, बेरोजगारी पर भाजपा के पास कोई जवाब नहीं है। जनेश्वर मिश्रा पार्क में हमने सबसे बड़ा ऊंचा तिरंगा लगवाया है। लुलू मॉल समाजवादियों की देन है।

यह भी पढ़ें- ‘स्‍वतंत्रता साप्‍ताह’ पर तिरंगा रोशनी से जगमग होंगे लखनऊ के प्रमुख पार्क-चौराहे, संगीत, पेंटिंग प्रतियोगिता व सेल्‍फी प्‍वाइंट के लिए भी एलडीए ने शुरू की तैयारी

केशव प्रसाद मौर्या को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा कभी पिछड़ों का विकास नहीं कर सकती पिछड़ा उपमुख्यमंत्री को आगे करके अपनी बातें कहलाते हैं उनका बस इस्तेमाल किया जाता है। अयोध्या में जो मंदिर बन रहा है वह हम सब का मंदिर है। खुशी की बात है, लेकिन योगी आदित्यनाथ ने बाबा भोलेनाथ पर सावन में बाल्टी भर के दूध चढ़ाया, लेकिन अगर हम लोग पैकेट वाला दूध चढ़ाएंगे तो क्या उस पर बढ़ी हुई जीएसटी नहीं देनी पड़ेगी। यह सरकार लोगों को जन्माष्टमी नहीं मनाने देना चाहती है। इसलिए दूध दही पर जीएसटी लगा दिया गया।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने बीजेपी सरकार से पूछा, क्या अब दूध-दही पर बने मुहावरों पर भी देना पड़ेगा GST?