अखिलेश से मुलाकात कर बोले संजय सिंह, यूपी में चुनाव नहीं लड़ेंगी आप

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच आप नेता संजय सिंह ने शुक्रवार शाम सपा प्रमुख अखिलेश यादव से कार्यालय में मुलाकात की। जहां दोनों नेताओं ने लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा की। इस दौरान संजय सिंह ने लोकतंत्र को बचाने के लिए मिलकर लड़ाई लड़ने की भी घोषणा की।

इसके बाद अखिलेश और संजय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, वहीं इस दौरान संजय सिंह ने कहा कि हम यूपी में चुनाव नहीं लड़ेंगे। यह लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। यह तानाशाह हुकूमत के खिलाफ लोगों को एकमत होने का चुनाव है। हमारा कार्यकर्ता गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने का काम करेंगे। उत्तर प्रदेश में आप का एक-एक कार्यकर्ता सपा के प्रत्याशियों का जोर-जोर से प्रचार करेगा।

यूपी में किसी सीट की मांग नहीं है। यूपी में कांग्रेस से बात होना बाकी है। वहीं भाजपा पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा, “मणिपुर के मुख्यमंत्री का इस्तीफा नहीं चाहिए लेकिन अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा चाहिए। नैतिकता की बात तो बीजेपी को नहीं करनी चाहिए। चुन-चुन कर देश के बड़े भ्रष्टाचारियों को अपने पार्टी में ले रहे हैं। दिल्ली में जो हुआ उस समय अखिलेश यादव हमारे साथ रहे। अखिलेश यादव और सपा का साथ देने के लिए आभार व्यक्त करते हैं।”

यह भी पढ़ें- संजय सिंह का दावा, शराब घोटाले में भाजपा के बड़े नेता शामिल, साजिशन केजरीवाल को भिजवाया जेल

साथ ही संजय सिंह ने कहा कि इस चुनाव पर दुनिया की नजर है। दिल्ली में सीएम केजरीवाल के समर्थन में बड़ी रैली हुई है। एक मुख्यमंत्री को जेल भेजा गया इससे भारत की दुनिया में बदनामी हुई है। झूठे मुकदमे लगाकर जेल भेजने का काम किया गया है। झारखंड में भी सीएम को जेल भेजा गया. बीजेपी में कई साथी चल गए। शरीर जा रहा है लेकिन उनकी आत्मा अभी भी हमारे साथ है। भाजपा सिर्फ डरवाकर अपना एजेंडा सेट कर रही है। जनता इसका जवाब देने जा रही है।”

यह भी पढ़ें- संजय सिंह को SC से मिली जमानत, ले सकेंगे राजनीतिक गतिविधियों में  हिस्सा