संविधान दिवस मनाकर बाबा साहब को याद करेगी भाजपा, प्रदेश अध्यक्ष ने दिए निर्देश

संविधान दिवस
बैठक को संबोधित करते स्वतंत्र देव सिंह साथ में सांसद कौशल किशोर व अन्य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। भाजपा उत्‍तर प्रदेश के सभी जिला केंद्रों पर संविधान दिवस मनाते हुए विचार गोष्ठियों का आयोजन करेगी। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी के राज्य मुख्यालय पर आयोजित बीजेपी की अनुसूचित मोर्चा की बैठक में बुधवार को इस बात की घोषणा की है। उन्‍होंने कहा कि अनुसूचित मोर्चा 25 नवंबर से 30 नवंबर तक सभी जिला मुख्यालयों पर संविधान दिवस मनाएगी। जिसमें बाबा साहब भीम राव अंबेडकर के व्यक्तित्व और कृतित्व के बारे में लोगों को बताया जाएगा साथ ही संविधान पर विचार गोष्ठियों में परिचर्चा होगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. भीम राव अंबेडकर से जुड़े पांच स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर उन्हें सच्चे अर्थो में श्रद्धाजंलि अर्पित की है। पंचतीर्थों के माध्यम से युवा पीढ़ी डॉ. अंबेडकर तथा उनके विचारों से और अधिक परिचित होगी। भाजपा संविधान दिवस को मनाते हुए विचार गोष्ठियों के माध्यम से संविधान की जानकारी और अंबेडकर के व्यक्तित्व को लेकर जनता के बीच पहुचेंगी। स्‍वतंत्र देव ने पदाधिकारियों से कहा कि संविधान दिवस मनाने के लिए 12 नवंबर तक सभी जनपदों में योजना बैठक पूरी कर कर ली जाये।

सतत संपर्क की परंपरा के साथ बढ़ना है आगे

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमें सभी वर्गो तक सतत संपर्क की परंपरा के साथ आगे बढ़ना है और पार्टी के संकल्प सबका साथ-सबका विकास के साथ सबका भरोसा जीतने के लिए काम करना है। एक समय दीन दयाल उपाध्याय जब सौ घरों की कुण्डी खटखटाते थे, तब एक-दो घरों के किवाड़ पानी पिलाने के लिए खुलते थे, लेकिन दीनदयाल जी जैसे कर्मयोगी लोगों के घरो की कुण्डिया बजाते रहे। हमारी पार्टी सतत संपर्क की पराम्परा के साथ आगे बढ़ी और आज विश्‍व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी है।

यह भी पढ़ें- समाज को सोचना होगा की आखिर कौन है जो वंचितों के बीच फूट डालकर उनको अधिकारों से कर रहा वंचित: CM योगी

बैठक को प्रदेश महामंत्री व अनुसूचित मोर्चा प्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ला तथा अनुसूचित मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कौशल किशोर ने भी संबोधित किया। मोर्चा के प्रदेश महामंत्री शेष नाथ आचार्य, डीपी भारती व अशोक वर्मा ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा सभी के समक्ष रखी। बैठक में अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष व जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।