बैठक कर बोले महेंद्र पाण्‍डेय 95 प्रतिशत से अधिक टिकट भाजपा कार्यकार्ताओं को दिए जाएंगे

भाजपा मुख्यालय
दिग्गजों के साथ भाजपा मुख्यालय पर बैठक करते महेंद्र पाण्डेय।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। नगरीय निकाय चुनाव की कार्यक्रम घोषित होने के बाद भाजपा ने भी अपने उम्‍मीदवारों के नाम पर मंथन तेज कर दिया है। आज इसी के तहत बीजेपी के प्रदेश मुख्‍यालय पर प्रदेश चुनाव समिति की बैठक आयोजित की गई। प्रदेश अध्‍यक्ष और डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या व दिनेश शर्मा समेत भाजपा के तमाम दिग्‍गजों ने आपस में दिन भर मंत्रणा की।

बैठक के बाद बीजेपी के प्रदेश अध्‍यक्ष महेंद्र नाथ पाण्‍डेय ने मीडिया से कहा कि आज कानपुर-बुन्देलखण्ड क्षेत्र के प्रत्याशियों पर अंतिम दौर की चर्चा हुई। वहीं गोरखपुर, बनारस, इलाहाबाद, झांसी, कानपुर के मेयर प्रत्याशियों के चयन पर भी नामों पर विचार हुआ। साथ ही 95 प्रतिशत से अधिक टिकट भाजपा कार्यकर्ताओं को दिए जाएंगे।

प्रदेश अध्‍यक्ष ने एक-दो दिन में उम्‍मीदवारों की लिस्‍ट जारी करने की बात करते हुए कहा कि 41 जिला इकाईयों पर चर्चा पूरी हो चुकी है, बाकी जिलों पर प्रत्याशियों के चुनाव पर चर्चा कल होगी।

यह भी पढ़ें- बोले योगी भारत की वास्तु कला का अनमोल रत्न है ताजमहल

टिकट बंटवारें को लेकर भाजपा में चल रहे असंतोष पर महेंद्र पाण्‍डेय ने सफाई देते हुए कहा कि भाजपा देश की लोकतांत्रिक पार्टी है, यहा हर विषय पर चर्चा के लिए फोरम तय है। उन्‍होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि दूसरी पार्टियों में चर्चा नहीं होती बल्कि फरमान जारी होते है।

जबकि हमारे यहां प्रत्याशी चयन में कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने के साथ ही जीत की संभावनाओं की समीक्षा करके निर्णय किया जाएगा। पार्टी में योगदान, सक्रियता, संघर्ष, लोकल रिपोर्ट के आधार पर प्रत्याशी चयन होगा। 95 प्रतिशत से अधिक टिकट भाजपा कार्यकर्ताओं को ही दिये जाएंगे।

बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ला, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर बुन्देलखण्ड के प्रभारी विजय बहादुर पाठक, प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, अशोक कटारिया, सलिल विश्नोई, अनुसूचित मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद सोनकर, मानवेन्द्र सिंह, ओम प्रकाश श्रीवास्तव भी मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- योगी की कैबिनेट का फैसला अब भर्ती होंगे 26500 शिक्षक, सैलरी होगी इतनी