‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ देश की जरुरत, जनता कांग्रेस व राहुल गांधी से लगाए है उम्‍मीद: अभय दुबे

कांग्रेस राहुल गांधी से उम्‍मीद
प्रेसवार्ता में अपनी बात रखते अभय दुबे साथ में अन्‍य नेतागण।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। अगामी 14 जनवरी से शुरू होने वाली राहुल गांधी की  “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” को लेकर कांग्रेस के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता अभय दुबे ने दावा किया है कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पूरे देश की जरुरत। युवा, किसान, महिलाएं, दलित, पिछड़े और आम जनता कांग्रेस और राहुल गांधी  ने न्‍याय की उम्मीद लगाए हैं।

कांग्रेस के प्रदेश मुख्‍यालय पर आयोजित एक प्रेसवार्ता में अभय दुबे ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश पर गहरी छाप छोड़ेगी, जैसे भारत जोड़ो यात्रा को देश के करोड़ों लोगों का अपार समर्थन मिला वैसे ही न्याय यात्रा को भी प्रत्येक वर्ग का ऐतिहासिक समर्थन मिलेगा।

अपने उद्योगपति के लिए काम कर रही भाजपा सरकार 

वहीं बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रवक्‍ता ने कहा कि आज बेरोजगार युवाओं, कर्ज में डूबे किसानों और महंगाई की मार के बीच पढ़ाई, कमाई और दवाई के लिए संघर्ष करते गरीबों के साथ न्याय नही हो रहा, भाजपा सरकार सिर्फ अपने उद्योगपति मित्रों के लिए काम कर रही है।

अभय दुबे ने कहा भारत रोजगार संकट से जूझ रहा है जहां इंजीनियर कुली का काम करते हैं और पीएचडी धारक चपरासी तक के लिए आवेदन देते हैं। हमें यह सुनिश्चित करना है कि हर स्वपनदर्शी भारतीय युवा को उसकी आकांक्षाओं एवं कौशल के अनुरूप रोजगार मिले।

किसान-मजदूर कर्ज में डूबे, मोदी सरकार…

अभय दुबे ने कहा कि एक ओर जहां किसान और खेतिहर मजदूर कर्ज में डूब रहे हैं, वहीं मोदी सरकार अमीरों का कर्जा माफ कर रही है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक किसान को उसकी उपज का सही दाम मिले।

प्रधानमंत्री अपनी जाति बताते हैं, लेकिन जातीय जनगणना पर चुप

मोदी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए अभय दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी जाति बताते हैं, लेकिन जातीय जनगणना पर चुप हो जाते हैं। वहीं भाजपा सरकार बेटी बचाओ का नारे देकर महिलाओं पर अत्याचार कर रही।

हमला जारी रखते हुए अभय दुबे ने कहा एससी एसटी और ओबीसी वर्ग को वंचित रखने का क्रम लगातार जारी है, और हमारे देश के संस्थानों में उनका प्रतिनिधित्व बेहद कम है। न्याय का मतलब है उनकी गिनती करना और समाज में उनकी भागीदारी को निष्पक्षता से मापना।

इसके अलावा नफरत और हिंसा की राजनीति में हमारे देश के ताने-बाने और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर एक गहरी चोट की है। हमें भारतीयता को संरक्षित करने के लिए एकता और सद्भाव को बढ़ावा देना है।

आम जनता यात्रा से इस तरह जुड़ेगी-

इसके साथ ही कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में जुड़ने की जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा का हिस्सा कोई भी बन सकता है, यह सभी के लिए है। यदि आप यात्रा मार्ग के नजदीक रहते हैं तो आप आसानी से काफिले के साथ चल सकते हैं यात्रा की आधिकारिक वेबसाइट bharatjodonyayyatra.com पर रजिस्टर कर न्याय योद्धा बन सकते हैं। इसके अलावा कांग्रेस की ओर से जारी मोबाइल नंबर 9891802024 पर मिस्ड कॉल देकर भी आप न्याय की इस लड़ाई में भाग ले सकते हैं।

यह भी पढ़ें- खड़गे ने जारी किया भारत जोड़ो न्याय यात्रा का लोगो, राहुल बोले, न्याय का हक मिलने तक रहेगी जारी

प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व प्रशासन प्रभारी दिनेश सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी, प्रवक्ता अलीमुल्ला खान, डा. मनीष हिंदवी, प्रियंका गुप्ता, सचिन रावत व सुधा मिश्रा भी उपस्थित रहीं।