स्‍वतंत्र देव सिंह बनें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, निर्विरोध हुए निर्वाचित

निर्विरोध अध्यक्ष
स्वतंत्र देव सिंह को प्रमाण पत्र देते केंद्रीय पर्यवेक्षक भूपेंद्र यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को शुक्रवार को निर्विरोध अध्यक्ष पद के लिए चुन लिया गया है, इसके साथ ही वह भाजपा 19वें अध्यक्ष घोषित हो गए। भाजपा मुख्यालय लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राष्ट्रीय महासचिव और केंद्रीय पर्यवेक्षक भूपेंद्र यादव सहित वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में इसका ऐलान किया गया।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को केंद्रीय पर्यवेक्षक भूपेंद्र यादव ने प्रमाण पत्र दिया। प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद भाजपा प्रदेश परिषद की पहली बैठक को संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यह सुख का नहीं त्याग तपस्या का पद है। जहां बूथ अध्यक्ष का पसीना बहेगा, वहां मेरा खून बहेगा। मंडल अध्यक्ष का अपमान कतई बर्दाश्त नहीं होगा।

यह भी पढ़ें- हमीरपुर विधानसभा उपचुनाव में BJP की जीत को स्वतंत्र देव ने बताया मोदी-योगी सरकार के सुशासन की विजय

उन्होंने कहा कि भाजपा में पद मिले न मिले, लेकिन दायित्व बोध हमेशा बना रहता है, दायित्व बदलते भी रहते हैं। भाजपा कार्यकर्ता तपस्वी हैं। पद मिले न मिले, वे तिरंगे को कभी झुकने नहीं देंगे। वंदे मातरम के लिए जीवन कुर्बान कर सकते हैं। कार्यकर्ता स्वतंत्र देव सिंह से तो नाराज हो सकते हैं, लेकिन कमल से नहीं क्योंकि यह राष्ट्र के साथ धोखा होगा।

इस दौरान विपक्ष पर हमला बोलते हुए स्वतंत्र देव ने कहा कि सपा, बसपा व कांग्रेस को अंगूठे से सर तक बेईमान बताया। साथ ही उन्होंने सोनिया गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह आरएसएस को आतंकवादी हिंदूवादी संगठन कहती हैं, जबकि संघ एक पवित्र संगठन है, जिससे संत महात्मा निकलते हैं ।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ चुनाव अधिकारी कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन ‘गोपाल’ तथा देवरिया के सांसद रमापति राम त्रिपाठी भी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर से स्वतंत्र देव सिंह के कार्यकाल की सराहना करने के साथ राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के मनोनयन के लिए उनको ही अधिकृत किया।

यह भी पढ़ें- मुस्लिम धर्मगुरुओं से मिल बोले स्वतंत्र देव, किसी भारतीय के अधिकारों को प्रभावित नहीं करता CAA, कल्बे जव्वाद ने भी कही ये बातें