भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जनता से किये महंगाई रोकने के झूठे वादे: अखिलेश

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को बढ़ती हुई महंगाई को लेकर भाजपा सरकार को घेरा है। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई रोक पाने में पूरी तरह से विफल है। आज जनता खाने पीने की चीजों दाल, तेल, आटा से लेकर सब्जी, दूध सबके दाम आसमान छू रहे हैं। भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने महंगाई रोकने का जनता से झूठा वादा किया था।

सपा सुप्रीमो ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा चुनाव के समय वोट लेने के लिए जो भी वादे करती है, सत्ता में आने के बाद उसके विपरीत आचरण करती है। आम जनता महंगाई से त्रस्त है। पिछले दिनों एक बार फिर व्यवसायिक गैस सिलेंडर के दाम बढ़ गए। तेलों, दालों और अन्य खाद्य सामाग्री के दाम बढ़ने से सबसे ज्यादा असर गरीब, मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है। उनके लिए घर चलाना मुश्किल हो रहा है। भाजपा सरकार में काला बाजारी और मुनाफा खोरी चरम पर है। किसान के खेत से पांच रुपये किलो बिकने वाला आलू आज 40 रुपये किलो मिल रहा है। इसी तरह से प्याज, लहसुन, टमाटर के दाम कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं।

यह भी पढ़ें- फिर बढ़ा गैस सिलेंडर का दाम, महीने के पहले ही दिन जनता को लगा महंगाई का झटका

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार जानबूझकर मुनाफाखोरी को श्रय दे रही है। इतना ही नहीं किसान को सही दाम नहीं मिल रहा है, लेकिन बिचौलिए मुनाफा कमाकर मालामाल होते जा रहे हैं। आम आदमी इस महंगाई और मुनाफाखोरी में लुट रहा है। सत्ता के संरक्षण में मुनाफाखोर जनता को लूट रहे हैं। सरकार सब कुछ जानते हुए भी चुपचाप तमाशा देख रही है और भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही है। आने वाले समय में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से मिल रहे हर जख्म का हिसाब लेगी।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का भाजपा पर हमला, प्रदेश में बढ़ रही हत्या-लूट व बलात्कार की घटनाएं, झूठे हैं सरकार के दावे