शत्रुघ्‍न सिन्‍हा की पत्‍नी पूनम सिन्‍हा ने थामा सपा का दामन, लखनऊ में राजनाथ सिंह को देंगी टक्‍कर

पूनम सिन्हा
डिंपल यादव के साथ पूनम सिन्‍हा।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्‍न सिंन्‍हा की पत्‍नी पूनम सिन्हा ने मंगलवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की पत्‍नी डिंपल यादव से मुलाकत की और औपचारिक रुप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

पूनम सिन्हा के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद अब लखनऊ से उनके गठबंधन का उम्मीदवार घोषित करने की सिर्फ औपचारिकता ही बची है। समाजवादी पार्टी के नेता तथा पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा ने मीडिया को बताया कि पूनम सिन्हा लखनऊ से सपा-बसपा-रालोद की उम्मीदवार होंगी और 18 अप्रैल को नामांकन करेंगी। साथ ही उन्होंने भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस से भी इस सीट से उम्मीदवार न उतारने की अपील की।

यह भी पढ़ें- भाजपा पर हमला बोल, कन्‍नौज लोकसभा सीट से डिंपल ने किया नामांकन, अखिलेश समेत ये लोग रहें मौजूद

इससे पहले भी कई बार लखनऊ लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राजनाथ सिंह के खिलाफ शत्रुघ्न सिन्हा की पत्‍नी पूनम सिन्हा के चुनाव लड़ने की खबरें पर आती रही थी।

यह भी पढ़ें- अंग्रेजों की तरह समाज को बांटकर राज करना चाहते हैं भाजपा के लोग: अखिलेश

मालूम हो कि पिछले 28 साल से यहां भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है और उसमें भी लंबे समय तक पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने लोकसभा में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। 1991, 1996,1998,1999 और 2004 के लोकसभा चुनावों में इस सीट से वाजपेयी विजयी रहे थे। 2009 में यहां से लाल जी टंडन जीते और 2014 में राजनाथ सिंह इस सीट से भारी मतों से जीतें। इस बार एक बार फिर राजनाथ सिंह यहां से भाजपा के उम्मीदवार हैं।

यह भी पढ़ें- निषाद पार्टी के NDA में शामिल होने पर अखिलेश का तंज, चुनाव में मौसेरों की नैया डूबना तय