लोकनायक की जयंती पर सपा मुख्‍यालय पहुंचें भाजपा सांसद शत्रुघ्‍न व पूर्व मंत्री यशवंत सिन्‍हा ने मोदी सरकार को लेकर कहीं ये बड़ी बातें

शत्रुघ्‍न सिन्‍हा यशवंत सिन्‍हा
अखिलेश यादव के साथ कुछ इस अंदाज में नजर आएं भाजपा के दोनों दिग्गज नेता। (फोटो-आरयू)

आरयू ब्‍यूरो,

लखनऊ। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर गुरुवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्‍यालय पर भाजपा सांसद शत्रुघ्‍न सिन्‍हा के साथ ही पूर्व केंद्रीय वित्‍त मंत्री यशवंत सिन्‍हा भी पहुंचें। भारत रत्‍न जयप्रकाश नारायण को याद करने व उनकी जयंती पर संकल्प लेते हुए भाजपा के दिग्‍गजों ने मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। साथ ही आज दोनों ही नेताओं ने अपनी ही सरकार के खिलाफ कई और बड़ी बातें कहीं हैं।

दोहराए जा सकते हैं 1977 के चुनाव परिणाम

यशवंत सिन्हा ने मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव की तारीफ करने के साथ ही भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्‍होंने कहा कि मोदी जिस स्टेशन पर चाय बेचते थे तब वो स्टेशन बना ही नहीं था। वहीं गठबंधन पर यशवंत सिन्हा ने कहा कि अगर देश भर में गठबंधन होता है तो 1977 के चुनाव परिणाम दोहराए जा सकते हैं। तब इंदिरा गांधी की बुरी तरह हार हुई थी।

यह भी पढ़ें- ममता का यशवंत और शत्रुघ्‍न सिन्हा से आग्राह, वास्‍तविकता जांचने असम भेजें टीम

सिर्फ एक व्यक्ति के हाथ में सबकुछ

उन्होंने हमला जारी रखते हुए कहा कि आज देश की कैबिनेट की हालत ऐसी है कि गृहमंत्री को पता नहीं कि जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रपति शासन लग रहा है। राफेल डील में नई कंपनी का प्रवेश हो रहा है, लेकिन रक्षामंत्री को नहीं पता, वित्त मंत्री को पता नहीं कि नोटबंदी होने वाली है। उन्‍होंने चुटकी लेते हुए कहा कि विदेश मंत्री प्रधानमंत्री के साथ दौरे पर जाने की जगह बैठकर ट्वीट करती हैं। उन्हें ट्विटर मंत्री कहा जाता है। सबकुछ सिर्फ एक व्यक्ति के हाथ में है। मौजूदा समय में दमनकारी नीतियां चल रही है। इस तरह की जोर और जबरदस्ती के आधार पर देश नहीं चलेगा। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंके।

यह भी पढ़ें- BJP के बागी नेता यशवंत सिन्‍हा ने बनाया राष्‍ट्रीय मंच, कहा सरकार की गलत नीतियों को करेंगे उजागर

सच कहना बगावत तो मैं बागी हूं: शत्रुघ्न

इस मौके पर बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने अखिलेश यादव जिंदाबाद का नारा लगाते हुए उनकी तारीफ में कहा कि अखिलेश देश के युवाओं के जानदार और शानदार नेता है। साथ ही यह भी कहा कि उनका जादू देश के युवाओं के सर चढ़कर बोलता है। वहीं राफेल डील को लेकर मोदी सरकार पर हमला करते हुए सिन्‍हा ने कहा कि राफेल एक बहुत बड़ा घोटाला है, आखिर देश की बड़ी कंपनी को क्यों बाहर किया गया। वहीं अपनी पार्टी के विषय में बोलने पर उन्‍होंने कहा कि अगर सच कहना बगावत है तो मैं बागी हूं।

यह भी पढ़ें- अखिलेश के ड्रीम प्रॉजेक्‍ट JPNIC में संदिग्‍ध परिस्थितियों में लगी आग, करोड़ों का सामान जला, उठें ये सवाल

जयप्रकाश नारायण ने दिया था देश को क्रांति का नारा

पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने इस दौरान कहा कि जयप्रकाश नारायण ने देश को क्रांति का नारा दिया था। उससे दिल्ली हिल गई थी। सपा अध्‍यक्ष ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि नोटबंदी से भ्रष्टाचार कहां मिटा? मंहगाई बढ़ी है। बड़ी-बड़ी डीलें हो गई किसी को पता नहीं चला। अब तो गुजरात से यूपी, बिहार के उन्हीं लोगों को भगाया गया, जिन्होंने भाजपा को सत्‍ता दिलाई है। भाजपा के लोगों के इशारे पर यहां की जनता को अपमानित कर देश तोड़ने की साजिश की गई है। अब देश की सत्‍ता पर काबिज भाजपा का लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश और बिहार में सफाया होना तय है। जनता को बस चुनाव की तारीखों का इंतजार है।

यह भी पढ़ें- …जब योगी के मंत्री भ्रष्टाचार परखने के लिए JPNIC में सीढि़यों से चढ़ गए 18 मंजिल

योगी सरकार ने रोका जेपीएनआइसी का काम

इस दौरान अखिलेश ने अपने ड्रीम प्रॉजेक्‍ट के बारे में बात करते हुए कहा कि जय प्रकाश नारायाण के नाम पर सपा सरकार में एक शानदार इमारत जेपी इंटरनेशनल सेंटर बना है। जिसके शिलान्यास के अवसर पर मुलायम सिंह यादव तथा जार्ज फर्नाडीज भी मौजूद थे। वहां योगी सरकार ने अब काम रोक दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जेपी की अगली जयंती वहीं मनाई जाएगी।

राजनीतिक गलियारों में मच गई हलचल

वहीं सपा मुख्‍यालय में शत्रुघ्न सिन्हा और यशवंत सिन्हा की मौजूदगी और अखिलेश यादव की तारीफ करने को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। लोग चुनाव से पूर्व इस तरह के घटनाक्रम से कई कयास लगा रहे हैं। हालांकि वह यहां कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।

यह भी पढ़ें- बोले अखिलेश, युवाओं को नौकरी नहीं देना चाहती योगी सरकार, परीक्षा के समय पेपर भी हो जाते हैं लीक

कार्यक्रम में जयप्रकाश नारायण को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए आलोक रंजन, जस्टिस एससी वर्मा, ओपी श्रीवास्तव, सतीश निगम, रामगोविंद चौधरी, अहमद हसन, सर्वेश अस्थाना, टीपी सिंह, जयप्रकाश नारायाण के भांजे देवेंद्र ने भी अपने विचार व्‍यक्‍त किए। इस दौरान एसआरएस यादव, अभिषेक मिश्रा, राहुल सक्सेना, विनय श्रीवास्तव, डॉ. कुलदीप, आरवी सक्सेना, ललिता रानी, अंजू श्रीवास्तव, रोहिणी सक्सेना, आरएस वर्मा  समेत सपा के सैंकड़ों नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- मोदी सरकार पर हमला बोलने पर बेटे ने दिया यशवंत सिन्‍हा को जवाब, कहा…