सपा ने कहा भाजपा की साजिश है आजम खान पर मुकदमा, रद्द की जाए फर्जी FIR

भाजपा की साजिश

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। राज्यसभा सदस्य अमर सिंह की तहरीर पर गोमतीनगर कोतवाली में समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान पर एफआइआर दर्ज किए जाने पर सपा ने न सिर्फ इसका विरोध किया है, बल्कि भाजप सरकार पर जोरदार हमला भी बोला है। मामले में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व मुख्य प्रवक्‍ता राजेंद्र चौधरी ने प्रेस कांफ्रेंस कर इसे आजम खान के खिलाफ भाजपा की साजिश करार दी है।

आज मीडिया से बात करते हुए राजेंद्र चौधरी ने कहा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। आजम खान के खिलाफ बीजेपी का एजेंडा है, उनके उत्पीड़न करने का प्रयास है। फर्जी मुकदमा बदले की भावना से लगाए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आजम के खिलाफ सत्ता का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बोले आजम अगर सिद्धू का पाकिस्‍तान जाना गलत, तो मोदी का शाल और आम ले जाना भी नहीं कहा जा सकता सही

आरोप लगाते हुए मुख्‍य प्रवक्‍ता ने कहा कि भाजपा सरकार षड्यंत्र रच रही है, अपनी पूरी ताकत का इस्तेमाल सपा के खिलाफ कर रही हैं। आजम खान के खिलाफ कार्रवाई को सपा बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्‍होंने मांग करते हुए कहा कि हमारी मांग है कि आजम खान के खिलाफ फर्जी मुकदमा रद्द किया जाए। उन्हें सुरक्षा दी जाए, क्योंकि उनकी हत्या हो सकती है।

वहीं बुधवार को अमर सिंह के बयान का जिक्र करते हुए राजेंद्र चौधरी ने आगे कहा कि उनको बदनाम करने के लिए ‘मीटू’ के मामले में जयाप्रदा मुंह खोल देंगीं तो ये आजम खान को जेल भेज देंगे। ये क्या है? सच ये है कि बीजेपी के कुचक्रों से जनता आक्रोशित है।

यह भी पढ़ें- मॉब लिंचिंग: भाजपा सरकार पर बरसे आजम खां, मुसलमानों को भी गाय व दूध के कारोबार से दूर रहने की दी सलाह

हमला जारी रखते हुए राजेंद्र चौधरी ने आगे कहा कि डेढ़ साल प्रदेश की जनता के लिए भारी पड़ गए हैं। चारों तरफ भय का माहौल हैं। कहीं भी फर्जी एनकाउंटर हो सकता है। फर्जी मुकदमा हो सकता है। पहली बार ऐसी सरकार है, जहां कानून का राज नहीं है।

यहां बताते चलें कि अमर सिंह ने बुधवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान के खिलाफ कथित तौर पर उनकी बेटियों पर तेजाब फेंकने की धमकी देने को लेकर पुलिस में शिकायत की, जिसके बाद गोमतीनगर कोतवाली में पुलिस ने आजम खान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

यह भी पढ़ें- बढ़़ते अपराध पर बोले राजेंद्र चौधरी, जनता को जंगलराज में छोड़कर लोकसभा चुनाव की तैयारी में लगी है भाजपा सरकार