गाजीपुर-मैनपुरी सहित भाजपा ने किया सात प्रत्याशियों का ऐलान, तीन के टिकट कटें

प्रत्याशियों का ऐलान

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा ने यूपी की बची हुई 12 लोकसभा सीटों में से सात पर अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। पिछले चुनाव में मनोज सिन्हा की हार के बाद इस बार गाजीपुर सीट पर पारस नाथ राय को टिकट दिया गया है। इसी तरह मैनपुरी में प्रदेश सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ठाकुर को टिकट देकर भाजपा इस बार जीतने का प्रयास करेगी।

भाजपा मुख्यालय द्वारा जारी लिस्ट के मुताबिक बलिया में वीरेंद्र सिंह मस्त का टिकट काटकर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर को प्रत्याशी घोषित किया है। वह वर्तमान में राज्यसभा सांसद भी हैं। इसी तरह इलाहाबाद से रीता बहुगुणा जोशी का टिकट काटकर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष केसरी नाथ त्रिपाठी के बेटे नीरज त्रिपाठी को टिकट दिया गया है। साथ ही फूलपुर में वर्तमान सांसद केशरी देवी पटेल का टिकट काटकर विधायक प्रवीण पटेल को प्रत्याशी बनाया गया है।

यह भी पढ़ें- भाजपा ने जारी की UP के स्टार प्रचारकों की लिस्ट, प्रधानमंत्री मोदी, सीएम योगी सहित 40 नाम शामिल

इसके अलावा कौशांबी (सुरक्षित) सीट पर वर्तमान सांसद विनोद सोनकर और मछलीशहर के वर्तमान सांसद बीपी सरोज को दोबारा चुनाव मैदान में उतारने का फैसला लिया गया है। दरअसल मैनपुरी सीट पर बदायूं की सांसद संघमित्रा मौर्या को टिकट देने की अटकलें लगाई जा रही थी। पिछली बार मैनपुरी से भाजपा के प्रेम सिंह शाक्य चुनाव लड़े थे, जिन्हें सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने हराया था।

मालूम हो कि पार्टी ने अभी पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। कैसरगंज सीट पर बृजभूषण शरण सिंह को टिकट मिलने को लेकर सस्पेंस बरकरार है। इसके अलावा देवरिया, फिरोजाबाद, रायबरेली और भदोही में टिकट की घोषणा होनी बाकी है।

यह भी पढ़ें- भाजपा ने घोषित किए यूपी से 13 प्रत्याशी, वरुण गांधी का काटा टिकट, अरुण गोविल को मिला मेरठ से मौका