देवरिया हत्याकांड पर बोले शिवपाल, प्रशासन सतर्क होता तो नहीं होती इतनी बड़ी घटना, योगी सरकार पर भी साधा निशाना

शिवपाल यादव
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि कानून-व्यवस्था के मामले में योगी सरकार पूरी तरह फेल है। सरकार अपराधियों पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है। उन्होंने देवरिया में हुए हत्याकांड पर कहा कि अगर प्रशासन सतर्क होता तो इतनी बड़ी घटना न होती। उन्होंने सरकार पर निष्पक्षतापूर्वक कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया।

वहीं, एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सुल्तानपुर में एक डॉ. घनश्याम तिवारी की निर्ममता से हत्या कर दी गई थी। मामले में अब तक हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। हालांकि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते दिनों पीड़ित परिवार के लोगों से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री योगी ने उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।

यह भी पढ़ें- देवरिया में पूर्व पंचायत सदस्य सहित छह लोगों की निर्मम हत्या से इलाके में तनाव

एक सवाल के जवाब में शिवपाल ने कहा कि अगर वो देवरिया जाएंगे तो दोनों ही परिवार के लोगों से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन पहले से सतर्क होता तो देवरिया में हुए हत्याकांड को रोका जा सकता था। सरकार कानून-व्यवस्था के मामले में पूरी तरह फेल है।

यह भी पढ़ें- अब शिवपाल ने ओपी राजभर को बताया, सबसे बड़ा बहरूपिया, भाजपा पर भी साधा निशाना