जामिया गोलीकांड पर लोकसभा में हंगामा, बोले ओवैसी, बच्चों पर जुल्म कर रही मोदी सरकार

जामिया गोलीकांड
लोकसभा में बोलते ओवैसी।

आरयू वेब टीम। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दिल्‍ली में हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच एक के बाद एक कर तीन फायरिंग की घटनाओं की गूंज सोमवार को संसद में भी सुनाई दी। वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा चुनावी रैली में विवादित नारे लगवाने के मामले पर भी संसद में जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान विपक्ष ने ‘गोली मारना बंद करो’, ‘देश को तोड़ना बंद करो’ के नारे लगाए, जबकि  एआइएमआइएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जामिया के बच्चों पर जुल्म कर रही है मोदी सरकार।

जामिया इलाके में फायरिंग की घटना पर असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि वे जामिया के सभी छात्रों के साथ हैं। उन्होंने कहा, ‘ये सरकार बच्चों पर जुल्म कर रही है। ये जानते हुए भी कि एक बच्चे की आंख चली गई, बेटियों को मार रहे हैं। शर्म नहीं है इनको, बच्चों को गोली मार रहे हैं।’

यह भी पढ़ें- जामिया गोलीकांड पर प्रियंका का PM मोदी से सवाल, हिंसा के साथ खड़े हैं या अहिंसा के

वहीं दूसरी तरफ, अनुराग ठाकुर द्वारा की गई विवादित नारेबाजी ‘देश के गद्दारों को, गोली मारो…’ का मामला भी थमता नहीं दिखाई दे रहा है। इसके बाद अनुराग ठाकुर ने नारेबाजी के वीडियो पर सफाई देते हुए कहा था कि आप खुद पूरा वीडियो देखिए और आपको दिल्ली के लोगों का क्या मूड है इसका अंदाजा लग जाता है।’

बता दें कि एक सप्ताह के भीतर दिल्ली में तीन फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। दो घटनाएं जामिया इलाके में हुई हैं, जबकि एक घटना शाहीन बाग इलाके में हुई है, जिसको लेकर सियासत गरमाई हुई है। जबकि, रविवार रात को एक बार फिर जामिया इलाके में फायरिंग हुई। जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के गेट नंबर पांच पर एक शख्स द्वारा फायरिंग किए जाने की खबर आई थी।

यह भी पढ़ें- JU के पास CAA के खिलाफ मार्च में बंदूक लेकर घुसा युवक, पुलिस के सामने गोली मारकर बोला- ये लो आजादी