शाहनवाज आलम की गिरफ्तारी पर बोली कांग्रेस, लोकतंत्र का दमन करने पर अमादा योगी सरकार

लोकतंत्र का दमन
मीडिया के सामने अपनी बात रखते अजय कुमार लल्लू साथ में अराधना मिश्रा।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शाहनवाज आलम की गिरफ्तारी को लेकर गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कई गंभीर आरोप लगाएं हैं। उन्‍होंने कहा कि सरकार लोकतंत्र का दमन करने पर आमादा है। साथ ही कहा कि सरकार पर कांग्रेस कार्यालय की मुखबिरी कराने के भी आरोप लगाए हैं।

कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार दमन का चक्र चला रही। यहां आए दिन पुलिस के दम पर लोकतंत्र को कुचला जा रहा है। अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शाहनवाज आलम की देर रात गिरफ्तारी अवैध, अलोकतांत्रिक और निंदनीय है। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता प्रदेश की जनता के मुद्दों पर आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। भाजपा सरकार यूपी पुलिस को दमन का औजार बनाकर दूसरी पार्टियों को आवाज उठाने से रोक सकती है, हमारी पार्टी को नहीं। यह पुलिसिया कार्रवाई दमनकारी और आलोकतांत्रिक है।

राहुल प्रियंका के सिपाही डरने वाले नहीं

अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के निर्देश पर अब कांग्रेस के सिपाहियों पर फर्जी मुकदमे लाद कर जेल भेजा जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दमन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शाहनवाज का नाम किसी भी एफआईआर और चार्जशीट में नहीं था फिर भी जबरिया देर रात के अंधेरे में उनको उठाया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव से से भाजपा सरकार बौखला गयी है। यह तो डरी हुई सरकार है, पर हम कांग्रेस और राहुल प्रियंका के सिपाही डरने वाले नहीं। योगी आदित्यनाथ सरकार फर्जी गिरफ्तारियों से हमें डराना चाहती है। हम डरने वाले नहीं, हम सड़क पर संघर्ष करेंगे।

हमारे सैंकड़ों लोगों पर लादे गए फर्जी मुकदमें

अजय कुमार लल्लू ने आगे कहा कि हमारे सैंकड़ों लोगों पर फर्जी मुकदमें लादे गए हैं। हमारे महासचिव मनोज यादव पर झूठा मुकदमा लगाया गया है जब वो पुलिस की हिरासत में इको गार्डन में थे। हमारे सोशल मिडिया प्रभारी मोहित पाण्डेय पर भी मुकदमा कायम हुआ, जबकि वो उस समय दिल्ली से लखनऊ के रास्ते में थे। यह कैसे और किसके इशारे पर मुकदमा लिखा गया।

देर रात हमारे कार्यालय पर क्‍या करती है पुलिस?

उन्होंने कहा कि सरकार के इशारे पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की मुखबिरी करायी जा रही है, अंग्रेजों के लिए मुखबिरी करने वाले लोग आज कांग्रेस कार्यालय की पुलिस और खुफिया एजेंसी से मुखबिरी और रेकी करवा रहे हैं। महीने भर से पुलिस गेट पर लगायी गयी, देर रात तक पुलिस हमारे प्रदेश कार्यालय पर क्या करती है।

साफ-साफ दिख रही सरकार की बौखलाहट: अराधना मिश्रा

कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने पुलिसिया राज की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह योगी  सरकार का राजनीतिक द्वेषपूर्ण और कायरता भरा कदम है। सरकार विपक्ष की आवाज की दबाना चाहती। प्रदेश में कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव से योगी सरकार की बौखलाहट साफ-साफ दिख रही। शाहनवाज आलम को पुलिस ने गोल्फ लिंक अपार्टमेंट्स के गेट से ‘असंवैधानिक तरीके’ से उठाया और लगभग घंटे भर किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं दी।

आराधना मिश्रा ने आगे कहा कि सत्ता पोषित दमन से हम डरेंगे नहीं, सड़क पर संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कांग्रेस में संघर्ष की लंबी और शानदार परंपरा रही है। अब तो लोकतंत्र को बचाने के लिए हम लोग दलित-पिछड़ा विरोधी योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ सड़कें गरम करेंगे। उन्होंने कहा इलाहाबाद विश्वविद्यालय के लोकप्रिय छात्रनेता रहे और दलितों-वंचितों के लड़ाई लडऩे वाले यूपी अल्पसंख्यक कांग्रेस के चेयरमैन शाहनवाज आलम की असंवैधानिक गिरफ्तारी प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार को बहुत महंगी पड़ेगी।

यह भी पढ़ें- शाहनवाज आलम की गिरफ्तारी पर फूटा कांग्रेस का गुस्‍सा, प्रदर्शन के लिए जा रहे प्रदेश अध्‍यक्ष समेत दर्जनों गिरफ्तार