CAA के विरोध में वाराणसी के बेनियाबाग में प्रदर्शन पर बैठी महिलाओं को पुलिस ने खदेड़ा

बेनियाबाग
बेनियाबाग में प्रदर्शन करती महिलाएं।

आरयू ब्‍यूरो, वाराणसी। नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के खिलाफ विरोध का दायरा बढ़ता ही जा रहा है। दिल्ली के शाहीन बाग की तर्ज अब वाराणसी में भी गुरुवार से प्रदर्शन शुरू हुआ, हालांकि पुलिस ने महिला प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके विरोध में स्थानीय लोगों ने हल्‍‍‍‍की पत्थरबाजी भी की।

वाराणसी के बेनियाबाग मैदान में आज सुबह नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ पहले आठ दस महिलाओं का दल पहुंचा और मैदान में तख्तियां लेकर धरना शुरू कर दिया। मैदान में उनके लिए पहले से ही दरी आदि बिछाई गई थी। महिलाओं के प्रदर्शन की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं उठने को तैयार नहीं हुईं।

यह भी पढ़ें- CAA के खिलाफ लखनऊ में चौथे दिन महिलाओं ने पेंटिंग बनाकर जताया विरोध, दारापुरी भी पहुंचें

धरना देने पहुंची महिलाओं ने कहा कि देश में 32 जगहों पर शाहीन बाग की तरह धरना प्रदर्शन चल रहा है। सरकार सोचती है कि महिलाएं हैं, जल्द थक कर हट जाएंगी, लेकिन ऐसा नहीं होगा। इसी बीच मैदान के बाहर लोगों का जमावड़ा शुरू हो गया। वह लोग भी अंदर आना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने रोक दिया। लोगों की तादाद बढ़ने लगी तो अधिकारियों को सूचना दी गई। कुछ देर में ही एसएसपी और डीएम भी कई थानों की पुलिस व भारी फोर्स के साथ पहुंचे।

बेनियाबाग
प्रदर्शन की जानकारी पर बेनियाबाग पहुंचीं पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की टीम।

वहीं महिलाओं के साथ ही दर्जनभर पुरुषों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि इसके बाद वहां हंगामा हुआ। महिलाओं की गिरफ्तारी के खिलाफ क्षेत्रीय लोगों की ओर से विरोध और हल्के पथराव के चलते सभी महिलाएं खुद को पुलिस से छुड़ाकर वहां से चली गयीं। हालांकि पुलिस ने लगभग एक दर्जन पुरुष प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करके पुलिस लाइन भेज दिया है।

यह भी पढ़ें- शहीन बाद की तर्ज पर CAA के खिलाफ लखनऊ में दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी, खुले आसमान के नीचे रातभर घंटाघर पर डटीं रहीं महिलाएं

पुलिस के अनुसार सृष्टि नामक महिला के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ। एसएसपी ने महिला के खिलाफ चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है। अन्य महिलाओं खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। बेनियाबाग मैदान में एक प्लाटून पीएसी और चौकी इंचार्ज को 24 घंटे तैनात रहने का निर्देश दिया गया है। इस संबंध में एसएसपी का कहना है कि हम प्रदर्शनकारियों के खिलाफ केस दर्ज करेंगे और प्रदर्शन के पीछे राजनीतिक दलों की भूमिका की जांच की जाएगी।

यह भी पढ़ें- CAA को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने वाला पहला राज्‍य बना केरल, दायर की याचिका