118वीं जयंती पर रालोद ने यज्ञ कर चौधरी चरण सिंह को किया याद

चौधरी चरण सिंह
यज्ञ करते रालोद नेता व कार्यकर्ता।

आरयू ब्‍यूरो,लखनऊ। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 118वीं जयंती के मौके पर बुधवार को राष्‍ट्रीय लोकदल ने प्रदेश कार्यालय में उनकी प्रतिमा के समक्ष वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ यज्ञ व पुष्‍प अर्पित कर उन्‍हें याद किया। साथ ही हवन पूजन के बाद रालोद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद व राष्ट्रीय प्रवक्‍ता अनिल दुबे ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विधान भवन स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भी उन्‍हें नमन किया।

इस अवसर पर आयोजित की गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद ने कहा कि यदि केंद्र सरकार चौधरी साहब में जरा भी आस्था रखती है तो 28 दिन से राष्ट्रीय राजधानी के चारों ओर डेरा डाले लाखों किसानों के दुख दर्द को समझे और उसका निराकरण करे।

वहीं राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को चौधरी साहब का नाम लेने का नैतिक अधिकार नहीं है, क्योंकि भाजपा सरकारों में किसान बहुत अधिक त्रस्त हो गया है, जबकि यह किसान चौधरी साहब की आत्मा है। केंद्र सरकार के मन में चौधरी साहब के प्रति यदि जरा भी श्रद्धा और लगाव है किसानों की मांगों को तत्काल स्वीकार कर किसान विरोधी तीनों अध्यादेश वापस लेने की घोषणा करें।

यह भी पढ़ें- कृषि कानूनों के विरोध में रालोद ने लखनऊ में किया हवन

इसके अलावा राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश प्रवक्‍ता सुरेंद्रनाथ त्रिवेदी ने बताया कि पूरे प्रदेश में किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर फल, कंबल वितरण व रक्‍तदान, पुष्पांजलि विचार गोष्ठियां, चौपाल आदि कार्यक्रम आयोजित किए गये। वहीं लखनऊ में राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद व राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा ने छलकारीबाई चिकित्सालय में भर्ती सभी मरीजों फल तथा बिस्कुट आदि वितरित किये।

कार्यक्रम में रालोद के राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा, युवा रालोद के प्रदेश अध्यक्ष अंबुज पटेल, युवा रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रविंद्र पटेल एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता रोहित अग्रवाल, रजनीकांत मिश्रा समेत रालोद के अन्‍य कार्यकर्ताओं ने हिस्‍सा लिया।

यह भी पढ़ें- किसानों पर कार्रवाई: रालोद का केंद्र सरकार पर हमला, क‍हा इतनी सर्तकता सीमाओं पर दिखाएं तो देश के जवान रहेंगे सुरक्षित