झारखंड: मंत्री-विधायक हुए कोरोना संक्रमित, CM हेमंत सोरेन ने भी खुद को किया आइसोलेट

झारखंड
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोरोना पॉजिटिव मंत्री और विधायक के संपर्क में आने के बाद खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है। उनके आवास व कार्यालय को सील कर आइसोलेट किया गया है। झारखंड के सूचना और जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, सीएम हेमंत सोरेन ने खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है, साथ ही उन्होंने सीएमओ के अधिकारियों और कर्मचारियों को होम आइसोलेशन पर जाने का अनुरोध किया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसकी जानकारी देते हुए आज अपने सोशल मीडिया के माध्यम से ट्वीट कर कहा, ”साथियों, कैबिनेट के मेरे साथी मंत्री मिथिलेश ठाकुर एवं हमारे दल के विधायक मथुरा महतो कोरोना संक्रमित पाये गए हैं। दोनो साथी अभी सरकारी अस्पताल में इलाजरत हैं। एहतियात के तौर पर आज से अगले कुछ दिनों के लिए मैं भी सेल्फ आइसोलेशन में रहूंगा, पर दिलों को जरूर जोड़े रखें।”

उन्होंने कहा, ”हर जरूरी कार्यों का निष्पादन करता रहूंगा। आप सबसे पुनः आग्रह है की जितना हो सके भीड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। मास्क का प्रयोग अवश्य करें, अगर मास्क ना हो तो कोई कपड़े से अपने चेहरे को अच्छे से ढंके। हर बार की तरह आपको याद दिलाना चाहूंगा की आपस में दूरी रखें।

यह भी पढ़ें- CM केजरीवाल की बिगड़ी तबीयत, खुद को किया आइसोलेट, होगा कोविड-19 टेस्ट

वहीं, रांची में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के घर को सेनेटाइज किया जा रहा है। श्रममंत्री सत्यानंद भोक्ता ने भी खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है। मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, शिक्षा सचिव राहुल शर्मा, प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद, निजी सचिव सुनील श्रीवास्तव, एडीजी आरके मल्लिक, विधायक नवीन जायसवाल, झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता मनोज पांडेय की जल्द कोरोना टेस्ट होगी। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे स्थिति स्पष्ट होगी।

गौरतलब है कि मंत्री मिथिलेश ठाकुर के कोरोना संक्रमित होने के बाद राज्य के सरकारी कार्यालयों और प्रशासनिक महकमों में हड़कंप मच गया है। मिथिलेश ठाकुर के सरकारी आवास के गृहप्रवेश में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल हुए थे। मुख्यमंत्री कार्यालय के तमाम अधिकारी-कर्मचारी को होम क्वारंटाइन का आदेश दिया गया है। सीएम आवास में बाहर से आने वाले लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। वहीं, मंत्री मिथिलेश ठाकुर को रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ के पूर्व डिप्‍टी मेयर अभय सेठ की कोरोना से PGI में मौत