स्वतंत्रता दिवस पर CM योगी ने किया ध्वजारोहण, 52 सेकेंड के लिए थमी राजधानी

ध्वजारोहण
कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। देश के 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने लखनऊ  सरकारी आवास और विधानसभा में ध्वजारोहण किया। साथ ही उन वीर शहीदों जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुतियां दी, उन्हें याद करते हुए नमन कर उन्हीं के पथ पर एक साथ चलने का संकल्प लिया। ध्वजारोहण होते ही सलामी दी गई हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई।

विधानभवन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। सीएम योगी ने कहा कि भारत माता के सभी वीर जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, ऐसे शहीदों को नमन करता हूं। आज का दिन हम सबको एक संकल्प से जोड़ता है। जैसा कि हमारे देश के वीर सेनानियों ने देखा था। हमारा देश दुनिया में महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है।

यह भी पढ़ें- वृद्धा आश्रम, बाल गृहों में अधिकारी मनाएंगे स्वतंत्रता दिवस समारोह: DM लखनऊ

अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि भारत अपने सपनों को आत्मनिर्भर बना रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब देश आजादी का शताब्दी समारोह मना रहा होगा तब हमें विकसित भारत चाहिए, उस भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए हम इस पावन आयोजन के साथ जुड़े हैं। उन्होने कहा कि भारत जी-20 को लीड कर रहा है। एक भारत, श्रेष्ठ भारत का संकल्प पूरा करेंगे। हमें अपनी विरासत पर गर्व करना है। हर नागरिक को अपना कर्तव्य निभाना है। भारत ने हर क्षेत्र में तरक्की की है।

52 सेकेंड के लिए थम गई राजधानी

वहीं विधानभवन पर ध्वजारोहण के तुरंत बाद पूरे शहर में एक साथ राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। इस दौरान 52 सेकेंड के लिए पूरा शहर थम गया। सभी चौराहों पर एक साथ रेड सिग्नल और ट्रैफिक रोक दिया गया। जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ। इससे पांच मिनट पहले सायरन बजाया गया, ताकि लोग इसके लिए तैयार हो जाएं।

यह भी पढ़ें- #77thIndependenceDay: लाल किले से बोले नरेंद्र मोदी, देश के लिए जीता हूं, नहीं देख सकता जनता का दुख