कोरोना संकट के बीच प्रियंका गांधी ने बांटने के लिए लखनऊ भिजवाए एक लाख मास्‍क

एक लाख मास्‍क
गाड़ी से मास्क उतारते लोग।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। देशभर में जारी कोरोना संकट के बीच शुक्रवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने एक लाख मास्क लखनऊ भेजे हैं। इन मास्कों को कांग्रेस कार्यकर्ता जरूरतमंदों को बांटेंगे।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस की ओर से ललन कुमार ने मीडिया को बताया कि प्रियंका गांधी ने एक लाख मास्क लखनऊ भिजवाए हैं। उनके निर्देश पर कल से कांग्रेस के कार्यकर्ता इन मास्‍क को जरुरतमंदों को बांटेंगे। उन्‍होंने कहा कि इससे पहले कांग्रेस महासचिव कई जिलों में राशन व लोगों को दवाएं भी भिजवा चुकी हैं।

यह भी पढ़ें- प्रियंका गांधी की योगी सरकार से मांग, लखनऊ के चिकन उद्योग को दें राहत पैकेज

ललन कुमार ने बताया कि लोगों की मदद के लिए लखनऊ, गाजियाबाद, हापुड़, आगरा, फतेहपुर, लखीमपुर, इलाहाबाद समेत 17 जिलों में रसोईघर चलाया जा रहा है। प्रियंका जी की देखरेख में कई व्हाट्सएप ग्रुप चलाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से लोगों की मदद की जा रही है। साथ ही हर जिले में जरूरतमंदों को राशन भी बांटा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 47 लाख लोगों को राशन और खाना पहुंचाया गया है। उत्तर प्रदेश के बाहर चार लाख प्रवासी मजदूरों और जरूरतमंदों की मदद की गई है। इससे पहले कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सभी प्रदेश अध्यक्षों को निर्देशित किया, मजदूर भाइयों का रेलवे किराया कांग्रेस पार्टी अदा करेगी।

यह भी पढ़ें- सोनिया गांधी का बड़ा ऐलान, कांग्रेस उठाएगी मजदूरों के रेल टिकट का खर्च, मोदी सरकार से भी पूछा जब…