दिल्‍ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग पूरी, शाम छह बजे तक हुआ इतने प्रतिशत मतदान

70 विधानसभा

आरयू वेब टीम। देश की राजधानी दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार सुबह से मतदान चल रहा है। जनता ठंड की परवाह किए बगैर सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लाइनों में खड़े रहे। दिल्ली में 1.47 करोड़ लोग मताधिकार करने योग्य हैं जो 672 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

चुनाव अधिकारी ने मीडिया को बताया कि दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों पर शाम छह बजे तक 54.65 फीसद वोटिंग हुई। हालांकि मतदान प्रतिशत का फाइनल परिणाम अभी आना बाकी है।

वहीं आज पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राम लाल मतदान के पहले घंटे में निर्माण भवन मतदान केंद्र के बाहर कतार में खड़े रहे। वहीं दिल्‍ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सिविल लाइंस इलाके के राजपुरा परिवहन प्राधिकरण के मतदान केंद्र में लाइन में लगकर वोट डाला। नयी दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे अरविंद केजरीवाल के साथ पत्‍नी सुनीता और बेटा पुलकित भी थे। मतदान के लिए जाने से पहले उन्होंने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया।

यह भी पढ़ें- यूपी को बेहाल कर दिल्‍ली में वोट मांगने में व्‍यस्‍त है रोगी सरकार: अखिलेश

इसके अलावा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, पश्चिम दिल्ली के सांसद परवेश वर्मा और दिल्ली भाजपा के प्रमुख मनोज तिवारी समेत अन्‍य दिग्‍गजों ने भी वोट दिया।

वोट डालने जरूर जायें: केजरीवाल 

इससे पहले आज सुबह सीएम केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘वोट डालने जरूर जाइये। सभी महिलाओं से खास अपील- जैसे आप घर की जिम्मेदारी उठाती हैं, वैसे ही मुल्क और दिल्ली की जिम्मेदारी भी आपके कंधों पर है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी महिलायें वोट डालने जरूर जायें और अपने घर के पुरुषों को भी ले जायें। पुरुषों से चर्चा जरूर करें कि किसे वोट देना सही रहेगा।’’

…दिल्ली को मुक्त करने के लिए मतदान अवश्य करें: शाह 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मतदाताओं से राष्ट्रीय राजधानी को झूठ और वोटबैंक की राजनीति से ‘‘मुक्‍त’’ कराने की अपील की। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, ‘‘दिल्ली को स्वच्छ हवा, पीने का स्वच्छ पानी और हर गरीब को अपना घर देकर इसे दुनिया की सबसे अच्छी राजधानी सिर्फ एक दूरदर्शी सोच व मजबूत इरादों वाली सरकार ही बना सकती है।’’ शाह ने कहा, ‘‘मैं दिल्ली की जनता से अपील करता हूं कि झूठ और वोट बैंक की राजनीति से दिल्ली को मुक्त करने के लिए मतदान अवश्य करें।’’

यह भी पढ़ें- दिल्ली की 70 सीटों पर आठ फरवरी को होंगे चुनाव, इस दिन आ जाएंगे नतीजे