DGP ने विकास दुबे पर ईनाम राशि बढ़ाकर की ढाई लाख, जगह-जगह लगाए गए पोस्‍टर

वांटेड विकास दुबे
ढाई लाख के ईनामी विकास दुबे का पोस्टर लगाती पुलिस।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। कानपुर में मुठभेड़ के दौरान आठ पुलिसकर्मियों को शहीद करने वाले दुर्दांत अपराधी विकास दुबे का घटना के चौथे दिन दोपहर तक भी कोई सुराग नहीं लग सका है। विकास की खोजबीन में पुलिस की 60 टीमें लगातार काम कर रही हैं। इस बीच उत्‍तर प्रदेश के डीजीपी हितेश चंद्र अवस्‍थी ने वांटेड विकास दुबे पर घोषित एक लाख की ईनाम राशि को बढ़ाकर ढाई लाख कर दिया है। दूसरी ओर विकास को किसी भी हाल में दबोचने के लिए कोशिश में जुटी पुलिस ने विकास के पोस्‍टर जगह-जगह लगवाएं हैं।

पुलिस महानिदेशक हितेश चंद्र अवस्थी ने घोषणा की है कि विकास दुबे को पकड़ने वाले को ढाई लाख रुपया इनाम दिया जाएगा। डीजीपी ने बताया कि विकास दुबे के खिलाफ आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में कानपुर के चौबेपुर थाना में क्राइम संख्या 192/2020 में केस दर्ज है। विकास दुबे पुत्र राम कुमार दुबे निवासी विकरू थाना, चौबेपुर पर पहले 25 हजार का ईनाम था, जिसको बढ़ाकर 50 हजार, एक लाख और अब ढाई लाख किया गया है। 50 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे पर आइजी रेंज मोहित अग्रवाल ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

यह भी पढ़ें- खूंखार वांटेड विकास दुबे की ही JCB से पुलिस ने ढहाया उसका किलेनुमा घर

आइजी रेंज मोहित अग्रवाल ने विकास दुबे पर इनाम की राशि बढ़ाकर ढाई लाख रुपये करने का प्रस्ताव रखते हुए फाइल डीजीपी कार्यालय भेजी थी। आइजी रेंज ने डीजीपी को इनाम बढ़ाने के लिए संस्तुति की थी। डीजीपी ने कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल मोस्टवांटेड अपराधी विकास दुबे कांड के मुख्य आरोपी पर ढाई लाख का इनाम घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें- जमीदोज हुए मकान से मिला असलहों का जखीरा, IG कानपुर ने कहा, विकास दुबे के साथ आतंकियों जैसा ही होगा सलूक

साथ ही पुलिस ने मोस्ट वांटेड विकास दुबे का जगह-जगह पर पोस्टर्स लगवाया है। इनमें टोल प्लाजा के साथ ही प्रदेश व नेपाल बार्डर पर भी जगह-जगह विकास दुबे के पोस्टर्स लगे हैं। मोस्ट वांटेड ढाई लाख के इनाम हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे को पकडऩे के लिए 60 टीमों में 900 पुलिस जवान लगाए गए हैं। वहीं मंडल स्तर पर भी पुलिस की 40 टीमों को लगाया गया है, जबकि मुख्यालय स्तर से भी 20 टीमों को मोस्टवांटेड विकास दुबे की तलाश में लगाया गया है। इसमें एसटीएफ की भी छह टीमें शामिल हैं।

निलंबित किए गए तीन पुलिसकर्मी

कानपुर एनकाउंटर मामले में कार्रवाई करते हुए आज एसएसपी कानपुर दिनेश कुमार पी ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। चौबेपुर में तैनात दरोगा कुंवर पाल, दरोगा कृष्ण कुमार शर्मा और सिपाही राजीव को निलंबित किए गए हैं। इन तीनों की कॉल डिटेल्स में विकास दुबे का नंबर मिलने पर कार्रवाई हुई है।

यह भी पढ़ें- अब विकास दुबे के लखनऊ स्थित मकान को ढहाने की तैयारी शुरू, LDA ने की नपाई, भाई के घर पर भी सरकारी निगांह