खूंखार वांटेड विकास दुबे की ही JCB से पुलिस ने ढहाया उसका किलेनुमा घर

खूंखार वांटेड

आरयू ब्यूरो लखनऊ/कानपुर। कानपुर में सीओ समेत आठ पुलिस कर्मियों की हत्या करने वाले खूंखार वांटेड विकास दुबे पर पुलिस-प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। बिकरु गांव स्थित विकास दुबे के घर को ढहा दिया गया है। विकास दुबे के किलेनुमा घर को जमीदोज करने में पुलिस ने विकास की उसी जेसीबी का इस्‍तेमाल किया है, जिससे उसने हत्‍या करने से पहले पुलिस के वाहनों का रास्‍ता रोका था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह से ही विकास दुबे के घर को तोड़ने की तैयारियां शुरू की गई थी। मकान तोड़ने के लिए विकास दुबे की ही जेसीबी का इस्तेमाल किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई में सिर्फ खूंखार विकास का मकान ही नहीं उसकी महंगी गाड़ियों और ट्रैक्टर को भी रौंद दिया गया।

यह भी पढ़ें- विकास दुबे के दो रिश्‍तेदारों को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया, कानपुर पहुंचे DGP ने किया घटनास्‍थल का निरीक्षण, घायल जवानों का जाना हाल

किले नुमा गांव के मकान में 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगे थे। दीवारों की ऊंचाई भी 30 से 40 फीट थी। इन पर कटीले तारों की घेरेबंदी से यहां किसी का दाखिल होना आसान नहीं। अगर कोई दाखिल हो भी जाए तो उसका पकड़ा जाना तय था।

यह भी पढ़ें- कानपुर पुलिस हत्‍या मामले में चौबेपुर थानाध्‍यक्ष विनय तिवारी निलंबित, जांच में जुटी STF

वहीं आठ पुलिस कर्मियों को मौत के घाट उतारने वाले कुख्‍यात गैंगस्‍टर विकास दुबे को पकड़ने के लिए उत्‍तर प्रदेश पुलिस दिन-रात एक किए हुए है। विकास की जानकारी देने के लिए पुलिस ने 50 हजार का इनाम भी घोषि‍त कर दिया है।

यह भी पढ़ें- कानपुर: आठ शहीद पुलिसवालों को योगी ने दी श्रद्धांजलि, आश्रितों को एक-एक करोड़ की सहायता का ऐलान कर CM ने कहीं ये बातें

वहीं विकास दुबे को पकड़ने के लिए उत्‍तर प्रदेश पुलिस की करीब सौ टीमें कानपुर व लखनऊ समेंत कई जिलों में छापेमारी कर रहीं हैं। पुलिस ने विकास से जुड़े 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने इन लोगों को मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर उठाया है।

यह भी पढ़ें- कानपुर में पुलिस टीम पर बदमाशों ने बरसाई गोलियां, CO समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद