लखनऊ समेत पूरी यूपी में धुंध के बीच बारिश से बढ़ी गलन, 26 जनवरी तक मौसम खराब रहने का अनुमान

लखनऊ में बारिश
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। शनिवार तड़के से ही उत्तर प्रदेश कोहरे तथा धुंध की चपेट में हैं। इसी बीच राजधानी लखनऊ समेत अधिकांश जगह हो रही बारिश ने ठंडक को और बढ़ा दिया है। पश्चिमी के साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी कम से कम दो दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा। इतना ही नहीं 26 जनवरी तक खराब मौसम के साथ उत्तर प्रदेश में शीतलहर का भी प्रकोप जारी रहेगा।

उत्तर प्रदेश में शनिवार तड़के से ही बारिश जारी है। लखनऊ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, सहारनपुर तथा अन्य जिलों में गरज से साथ हल्की बारिश हो रही है। राजधानी लखनऊ में भी बरसात के कारण सड़कें तर हो गई हैं। भयंकर ठंड के कारण लोग घरों में हैं। इस बेमौसम बारिश से लोग काफी परेशान हैं। ठंडक बढऩे से दिनचर्या ठप सी हो गई है।

वहीं प्रदेश में अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़त देखी जा सकती है। इसके साथ ही लगभग पूरे प्रदेश में सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा।

यह भी पढ़ें- चार दिन तक उत्‍तर प्रदेश में होगी बारिश, मौसम विभाग ने लगाया अनुमान

मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार शनिवार को मौसम ने फिर करवट ली है। प्रदेश तो बादलों की आगोश में रहेगा। हर जगह पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश भी होती रहेगी। 22 जनवरी से प्रदेश के कुछ स्थानों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर देखा जाने लगेगा। इससे 22, 23 और 24 जनवरी को पूरे प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। प्रदेश में 22 जनवरी से 26 जनवरी तक वर्षा के साथ ही शीत लहर का अनुमान जताया गया है।

वहीं मौसम में अचानक बदलाव के कारण बारिश से किसानों के चेहरों पर मायूसी छाने लगी है। खेतों में खड़ी सरसों की फसल फलियों से लदी है। फसल गिरी तो पैदावार में भारी गिरावट आएगी। वहीं गन्ना किसानों एवं मिलों के लिए भी बारिश बड़ी समस्या बन रही है। वहीं गन्ना छिलाई कार्य बंद रहने से किसान के सामने पशुओं के लिए चारे का संकट पैदा हो रहा है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में मौसम ने ली करवट, अचानक गरज-चमक के साथ तेज बारिश ने बढ़ाई ठंड