गोलवलकर को लेकर दिग्विजय सिंह ने कही ऐसी बात की RSS को लग गया बुरा, पूर्व सीएम पर मुकदमा दर्ज

विवादित पोस्‍ट

आरयू वेब टीम। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक बार फिर विवादों में हैं। दिग्विजय ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरसंघचालक एमएस गोलवलकर को लेकर एक पोस्ट किया, जिससे दिग्विजय सिंह मुश्किल में फंस गए हैं। ट्वीट को लेकर विवाद हो गया। गोलवलकर को लेकर सोशल मीडिया पर विवादास्पद पोस्टर साझा कर विद्वेष फैलाने के आरोप में कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के खिलाफ इंदौर में आरएसएस कार्यकर्ता की शिकायत पर आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।

तुकोगंज पुलिस थाने के एक अधिकारी ने रविवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि आरएसएस कार्यकर्ता राजेश जोशी की शिकायत पर सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153-ए (धर्म के आधार पर दो समूहों के बीच वैमनस्य फैलाना), धारा 469 (ख्याति को नुकसान पहुंचाने के इरादे से जालसाजी), धारा 500 (मानहानि) और धारा 505 (सार्वजनिक शांति भंग करने के इरादे से भड़काऊ सामग्री प्रसारित करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें- विवादित ट्वीट मामले में बढ़ सकती है शेहला रशीद की मुश्किल, LG ने दी मुकदमे की मंजूरी

जोशी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि सिंह ने फेसबुक पर गोलवलकर के नाम और तस्वीर वाला विवादास्पद पोस्टर साझा किया ताकि दलितों, पिछड़ों, मुसलमानों और हिंदुओं में वैमनस्य पैदा कर उन्हें वर्ग संघर्ष के लिए उकसाया जा सके। शिकायत में कहा गया कि गोलवलकर के बारे में सिंह के फेसबुक पोस्ट से संघ कार्यकर्ताओं और समस्त हिन्दू समुदाय की धार्मिक आस्था आहत हुई है।

संघ के एक स्थानीय पदाधिकारी ने मीडिया को भेजे बयान में आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह ने इस संगठन की छवि धूमिल करने के लिए सोशल मीडिया पर गोलवलकर को लेकर मिथ्या और अनर्गल पोस्ट किया।

यह भी पढ़ें- यूपी निकाय चुनाव समीक्षा बैठक में बृजलाल खाबरी ने कांग्रेस नेता-कार्यकर्ताओं से कहा, कर्नाटक जीत से प्रेरणा लेने की जरूरत