#INDvsENG: यशस्वी ने ठोका दूसरा दोहरा शतक, सबसे ज्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड भी तोड़ा

यशस्वी जायसवाल

आरयू स्पोर्ट्स डेस्क। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में यशस्वी जायसवाल का शानदार फॉर्म जारी है। राजकोट में तीसरे टेस्ट में उन्होंने दूसरी पारी शतक जड़ा। इस दौरान यशस्वी ने छक्कों की बारिश कर दी। अपनी पारी के दौरान यशस्वी ने कई रिकॉर्ड तोड़ डाले। यशस्वी ने दूसरी पारी में नाबाद 214 रन बनाए। 14 चौके और दस छक्कों की मदद से अपने टेस्ट करियर का दूसरा दोहरा शतक पूरा किया। यशस्वी एक टेस्ट सीरीज में दो दोहरे शतक जड़ने वाले भारत के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं।

इतना ही नहीं यशस्वी जायसवाल टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक विश्व रिकॉर्ड भी बनाने में सफल हुए हैं। वे एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वे अब तक तीन मैचों में 20 छक्के इंग्लैंड के खिलाफ जड़ चुके हैं और अभी दो मैच इस सीरीज के बाकी हैं। अभी तक ये रिकॉर्ड भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के नाम दर्ज था।

उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक सीरीज में 19 छक्के जड़े थे। इससे पहले जायसवाल ने बतौर भारतीय खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसी के साथ उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू और मयंक अग्रवाल को पछाड़ा।

यह भी पढ़ें- आठ साल बाद जिम्बाब्वे में T-20 सीरीज खेलेगी टीम इंडिया, BCCI ने किया ऐलान

यशस्वी ने एक पारी में नौ छक्के मारते ही रिकॉर्ड हासिल किया, जबकि नवजोत सिंह सिद्धू और मयंक अग्रवाल के नाम आठ-आठ छक्के लगाने का रिकॉर्ड था। सिद्धू ने 1994 में श्रीलंका के खिलाफ लखनऊ में खेले गए मुकाबले में आठ छक्के जड़े थे। इसके बाद मयंक अग्रवाल ने 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ इंदौर में खेले गए टेस्ट की एक पारी में बैटिंग करते हुए आठ छक्के लगाए थे।

यह भी पढ़ें- #ICCT20WorldCup2024: नौ जून को न्यूयॉर्क में होगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला, देखें पूरा शेड्यूल