चुनावी जनसभा में विपक्ष पर बरसे योगी, सपा-बसपा ने सत्ता को बनाया भ्रष्टाचार का पर्याय, कांग्रेस ने दिया देश को आतंकवाद

विधानसभा उपचुनाव
जनता से बीजेपी को जिताने की अपील करते सीएम योगी व बीजेपी के अन्य दिग्गज।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव को लेकर शुक्रवार को मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने आजम खान के गढ़ रामपुर के अलावा अलीगढ़ और सहारनपुर में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान मुख्‍यमंत्री ने यूपी के तीनों ही जिलों में विपक्षी दलों पर हमला बोलने में कसर नहीं छोड़ी।

योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार सबके विकास के लिए काम कर रही है। हमारा काम उनको पसंद नहीं आ रहा है जिनके समय में सत्ता सिर्फ अराजकता, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का पर्याय थी। इसमें सपा, बसपा और कांग्रेस शामिल हैं, विकास इनकी सोच में ही नहीं था। अब जब इनका विकास विरोधी चेहरा उजागर हो गया, तो जनता इनको 2014 से लगातार खारिज कर रही है।

यह भी पढ़ें- कार्यकर्ता सम्‍मेलन में बोले स्‍वतंत्र देव, विधानसभा उपचुनाव में सभी सीटों पर जीतेगी बीजेपी

विपक्ष पर हमला बोलते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने देश को आतंकवाद और भ्रष्टाचार दिया। अब कांग्रेस भाजपा सरकारों के विकास कार्यों को हजम नहीं कर पार रही है, क्योंकि कांग्रेस ने हमेशा से सत्ता को लूट का जरिया समझा। जबकि‍ सपा और बसपा की पिछली सरकारों ने सत्‍ता को भ्रष्‍टाचार का पर्याय बना दिया। इनकी सरकारों ने उत्‍तर प्रदेश के संसाधनों को जमकर लूटा। इनके समय प्रदेश में गुण्डागर्दी चरम पर थी।

तीन करोड़ लोगों को मिला अपना घर

विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में तीन करोड़ लोगों को अपना घर मिला। आयुष्मान योजना गरीबों के लिए वरदान बन चुकी है। गरीबों को मुफ्त आवास और गैस कनेक्शन दिये गये। केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए लगातार काम कर रही है। जनसभाओं के दौरान भाजपा के तमाम मंत्री, विधायक व नेताओं के अलावा बड़ी संख्‍या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- उपचुनाव: BJP ने यूपी समेत 13 राज्‍यों के 32 उम्‍मीदवारों के नाम किए घोषित, लखनऊ कैंट से सुरेश तिवारी को मिला टिकट, देखें लिस्‍ट